‘50 खोके एकदम ओके’ कहने वाले अब भाजपा में…! कैलास गोरंट्याल का चौंकाने वाला प्रवेश, आगामी महापालिका चुनाव में बढ़ेगी हलचल

जालना विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व विधायक और ’50 खोके एकदम ओके’ जैसे विवादित राजनीतिक बयान के जनक कैलास गोरंट्याल ने मुंबई में भारतीय जनता पार्टी में औपचारिक रूप से प्रवेश कर लिया।
मुंबई में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण की प्रमुख उपस्थिति में गोरंट्याल ने भाजपा का भगवा झंडा थामा। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद अशोक चव्हाण, नांदेड जिल्हा पालकमंत्री अतुल सावे, पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे, पूर्व मंत्री बबनराव लोणीकर, विधायक संजय केनेकर, नारायण कुचे और भाजपा के प्रदेश मीडिया समन्वयक नवनाथ बन भी मौजूद थे।
गोरंट्याल के साथ सैकड़ों समर्थकों ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा का दामन थामा, जिससे यह प्रवेश समारोह शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गया।
गौरतलब है कि गोरंट्याल पिछले कुछ महीनों से कांग्रेस से दूरी बनाए हुए थे और स्वतंत्र राजनीतिक भूमिका निभा रहे थे। उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलों के बीच कुछ नेताओं ने इसका विरोध भी किया था, लेकिन अब उन्होंने अपने राजनीतिक भविष्य के लिए भाजपा की राह चुनी है।
राजनीतिक हलकों में यह चर्चा जोरों पर है कि आगामी स्थानीय निकाय चुनावों में इस प्रवेश का असर साफ दिखाई देगा।
‘50 खोके एकदम ओके’ यह बयान विधानसभा में चर्चित होने के बाद शिवसेना (ठाकरे गुट) ने इसे शिंदे गुट पर हमला करने के लिए बार-बार इस्तेमाल किया था। अब उसी बयान के जनक गोरंट्याल भाजपा में शामिल हो गए हैं, जिससे सोशल मीडिया पर बहस तेज हो गई है।
भाजपा ने मराठवाड़ा की राजनीति में नई हलचल पैदा करने के मकसद से इस प्रवेश को रणनीतिक रूप से अहम माना है। अब सबकी नजर इस बात पर टिकी है कि गोरंट्याल को पार्टी में क्या भूमिका दी जाती है और आगामी विधानसभा चुनावों में उन्हें टिकट मिलता है या नहीं।
