हैदराबाद के गुलजार हाउस में भीषण आग, 17 लोगों की मौत, PM और CM ने जताया शोक

हैदराबाद के ओल्ड सिटी क्षेत्र में स्थित गुलजार हाउस में रविवार सुबह भीषण आग लग गई, जिसमें 17 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए उस्मानिया, मालकपेट यशोदा, DRDO और अपोलो अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की 10 से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
सुबह करीब 6 बजे इलाके में धुंआ उठता देख स्थानीय लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही स्थानीय लोग और पुलिसकर्मी मिलकर राहत कार्य में जुट गए। बताया जा रहा है कि आग की लपटें इतनी तेजी से फैलीं कि लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा देने के निर्देश दिए हैं। साथ ही केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी को घटनास्थल पर भेजा गया है और मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं। जांच का जिम्मा हैदराबाद पुलिस के साउथ जोन को सौंपा गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया है। पीएमओ की ओर से जारी बयान में कहा गया कि मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।
प्राथमिक जांच में हादसे का कारण एक एसी कंप्रेसर का फटना बताया जा रहा है। गर्मी के कारण एसी में तकनीकी गड़बड़ी और वायरिंग से चिंगारी निकलने की आशंका जताई गई है। हादसे के वक्त इमारत में करीब 30 लोग मौजूद थे।
घटनास्थल पर पहुंचे AIMIM विधायक मुमताज अहमद खान ने हादसे को बेहद दुखद बताया और प्रशासन से पीड़ितों की हरसंभव मदद की मांग की।
