UP बना अपराध का गढ़: योगी राज में वर्कशॉप बनी हत्यास्थल, पिता और दो बेटों की बेरहमी से हत्या, CCTV DVR गायब, गुस्साए परिजनों ने किया चक्काजाम

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले से दिल दहला देने वाली एक त्रिकहत्या की वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। जफराबाद थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर कांध निवासी लालजी (50) और उनके दो बेटे यादवीर (32) और गुड्डू (25) की रविवार देर रात वर्कशॉप में ही बेरहमी से हत्या कर दी गई। सुबह जब घर का एक सदस्य नाश्ता लेकर वर्कशॉप पहुंचा, तो तीनों की लाशें खून से लथपथ हालत में पड़ी मिलीं।
काम के चलते वर्कशॉप में ही रुके थे तीनों
जानकारी के अनुसार, लालजी कचगांव अंडरपास के पास चूड़ी पेरने का वर्कशॉप चलाते थे। रविवार की रात वे अपने दोनों बेटों के साथ वहीं रुक गए थे। परिजनों को लगा कि काम अधिक होने के कारण वे वर्कशॉप में ही सो गए होंगे। लेकिन सुबह जब नाश्ता लेकर एक रिश्तेदार वहां पहुंचा, तो अंदर का मंजर देखकर उसके होश उड़ गए। कमरे में खून ही खून बिखरा था और तीनों के शव पड़े हुए थे।
लोहे की रॉड से हमला, पुलिस ने शव भिजवाया, परिजन भड़के
शवों को देखने से प्रतीत हो रहा था कि तीनों की हत्या लोहे की रॉड या सरिए से सिर पर हमला कर की गई है। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। लेकिन परिजन जब घटनास्थल पर पहुंचे और शव वहां नहीं मिले, तो वे भड़क उठे और बाईपास पर चक्काजाम कर दिया। पुलिस की समझाइश के बाद वे पोस्टमार्टम हाउस जाने को तैयार हुए।
सीसीटीवी डीवीआर गायब, हत्या में परिचित पर शक
घटनास्थल से पुलिस को एक हथौड़ा मिला है, जबकि सबसे हैरानी की बात यह रही कि वर्कशॉप में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी गायब है। पुलिस अधीक्षक ने आशंका जताई है कि हत्या किसी जान-पहचान वाले ने की है, क्योंकि डीवीआर आलमारी का ताला खोलकर निकाला गया है। हत्या की साजिश को सुनियोजित बताया जा रहा है।
जांच के लिए टीमें गठित, जल्द खुलासा संभव
पुलिस अधीक्षक ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कराई और कहा कि हत्यारों की पहचान के लिए कई टीमें बनाई गई हैं। परिवार के लोगों से भी पूछताछ की जा रही है और जिस किसी पर भी शक होगा, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जाएगी। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जल्द ही इस जघन्य हत्याकांड का खुलासा किया जाएगा।
इस निर्मम हत्याकांड ने पूरे जिले को दहला दिया है और लोगों में दहशत का माहौल है। वहीं, तीन लोगों की एक साथ हत्या से कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
