बुलंदशहर में भीषण सड़क हादसा: दर्शन के लिए जा रहे 60 श्रद्धालुओं की ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 8 की मौत, दर्जनों घायल

बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश): बुलंदशहर जिले के अरनिया थाना क्षेत्र में रविवार देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर घटाल गांव के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में कई श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों घायल हुए हैं।
जानकारी के अनुसार, कासगंज जिले के सोरों थाना क्षेत्र के रफातपुर और मिलकिनिया गांव के करीब 60 श्रद्धालु ट्रैक्टर-ट्रॉली से राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले स्थित गोगामेड़ी मंदिर में जहारवीर बाबा के दर्शन के लिए जा रहे थे। रास्ते में बुलंदशहर के अरनिया थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है –
- चांदनी (12 वर्ष), कन्या कालीचरण, रफातपुर, सोरों, कासगंज
- रामबेटी (65 वर्ष), पत्नी सोरन सिंह, रफातपुर, सोरों, कासगंज
- ईयू बाबू (40 वर्ष), ट्रैक्टर चालक, मिलकिनिया, सोरों, कासगंज
- धनीराम, मिलकिनिया, सोरों, कासगंज
- मोक्षी (40 वर्ष), मिलकिनिया, सोरों, कासगंज
- शिवांश (06 वर्ष), पुत्र अजय, मिलकिनिया, सोरों, कासगंज
- विनोद (45 वर्ष), पुत्र सोरन सिंह, रफातपुर, सोरों, कासगंज
- योगेश (50 वर्ष), पुत्र रामप्रकाश, रफातपुर, सोरों, कासगंज
प्रशासनिक अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को तुरंत जटिया अस्पताल, कैलाश अस्पताल और अरनिया के मुनी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जिलाधिकारी श्रुति और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह खुद मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया।
इसके अलावा एडीएम प्रमोद कुमार पांडेय, एसपी नगर शंकर प्रसाद, एसपी ग्रामीण डॉ. तेजवीर सिंह, एसडीएम प्रतीक्षा पांडेय, सीओ पूर्णिमा सिंह ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। वहीं मेरठ मंडल के आयुक्त डॉ. हृषिकेश भास्कर यशोद और डीआईजी कलानिधि नैथानी ने भी मौके पर पहुंचकर स्थिति का मुआयना किया।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है। श्रद्धालुओं की तीर्थ यात्रा मातम में बदल गई।
