लखनऊ में चलती बस में लगी भीषण आग, 5 लोगों की जिंदा जलकर मौत

लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बुधवार सुबह किसान पथ पर मोहनलालगंज के पास एक चलती बस में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 यात्रियों की जिंदा जलकर मौत हो गई। बस दिल्ली से बिहार जा रही थी और हादसे के वक्त अधिकतर यात्री गहरी नींद में थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में अचानक धुंआ भर गया, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं, ड्राइवर और कंडक्टर बस से कूदकर मौके से फरार हो गए। यात्रियों को बचाने के लिए स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया।
आग इतनी भयानक थी कि उसकी लपटें एक किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही थीं। महज 10 मिनट में बस पूरी तरह से जलकर राख हो गई। आग पर 30 मिनट की मशक्कत के बाद काबू पाया गया। जांच में सामने आया है कि बस का इमरजेंसी गेट नहीं खुला, जिससे पीछे बैठे यात्री बाहर नहीं निकल सके।
एक यात्री ने बताया कि गियर के पास स्पार्किंग के कारण आग लगी और जब तक कुछ समझ पाते, तब तक आग ने विकराल रूप ले लिया। कई यात्रियों को किसी तरह खिड़कियों और तोड़े गए शीशों से निकाला गया, लेकिन दुर्भाग्यवश कुछ लोग नहीं बच सके।
फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार ड्राइवर व कंडक्टर की तलाश की जा रही है।
