Breaking NewsDelhiPoliticsUttar Pradesh

मनुस्मृति के अपमान पर राहुल गांधी को हिंदू धर्म से बहिष्कृत करेंगे- शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद का ऐलान

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को शंकराचार्य मठ ने हिंदू धर्म से बहिष्कृत कर दिया है। ज्योतिर्मठ बद्रीनाथ धाम के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा कि राहुल गांधी ने संसद की कार्यवाही के दौरान मनुस्मृति का अपमान किया, जो सनातन धर्म की आधारशिला है।

कनखल मठ में शंकराचार्य ने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी को नोटिस भेजकर माफी मांगने को कहा गया था, लेकिन उनकी ओर से अब तक कोई जवाब नहीं मिला। इसके चलते उन्हें बहिष्कृत करने का निर्णय लिया गया है।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, “शंकराचार्य मठ की ओर से उन्हें नोटिस जारी किया गया था, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। इसलिए उन्हें हिंदू धर्म से बहिष्कृत किया जा रहा है।”

क्या कहा था राहुल गांधी ने?
राहुल गांधी ने लोकसभा में सरकार पर निशाना साधते हुए कहा था, “बीजेपी संविधान को नहीं, बल्कि मनुस्मृति को फॉलो करती है।” उन्होंने हाथरस कांड का हवाला देते हुए कहा कि अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं जबकि पीड़िता का परिवार घर में कैद है। उन्होंने कहा था, “यह तो आपकी किताब मनुस्मृति में लिखा है, संविधान में नहीं।”

राहुल गांधी ने यह भी कहा था कि आज भारत में एक विचारधारात्मक लड़ाई चल रही है, जिसमें एक ओर संविधान है और दूसरी ओर वह सोच है जो मनुस्मृति से प्रेरित है। उन्होंने पेरियार, फुले और गांधी का उल्लेख करते हुए कहा कि यही लोग संविधान की भावना के रक्षक रहे हैं।

इस बयान को लेकर अब शंकराचार्य मठ ने सख्त रुख अपनाया है और सार्वजनिक रूप से राहुल गांधी के बहिष्कार की घोषणा की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button