Breaking NewsCrime NewsNagpur

नागपुर में ‘फर्जी पत्नी’ का चौंकाने वाला खुलासा: एक महिला ने 9 पुरुषों से रचाई शादी, 5 करोड़ की ठगी, पुलिस ने किया गिरफ्तार

नागपुर के गिट्टीखदान थाना क्षेत्र से एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने पिछले 15 सालों में नौ अलग-अलग पुरुषों से शादी कर उनसे करोड़ों रुपये की ठगी की है। आरोपी महिला की पहचान समीरा फातिमा के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, समीरा फातिमा शादी का झांसा देकर पुरुषों को अपने जाल में फंसाती थी। शादी के बाद कुछ समय तक सामान्य जीवन बिताकर वह पति से झगड़े और झूठे आरोपों का सिलसिला शुरू कर देती थी, फिर ब्लैकमेल करके उनसे मोटी रकम वसूलती थी। अब तक वह कम से कम 4 से 5 करोड़ रुपये की ठगी कर चुकी है।

समीरा को पुलिस ने उस वक्त गिरफ्तार किया जब वह अपने नौवें पति के साथ नागपुर के सिविल लाइन्स स्थित एक मशहूर चाय की दुकान पर बैठी थी। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे वहीं से हिरासत में लिया।

पुलिस ने बताया कि समीरा खुद को शिक्षिका बताकर सोशल मीडिया पर सक्रिय रहती थी। ‘मैं तलाकशुदा हूं और मुझे जीवनसाथी की जरूरत है’ जैसे भावनात्मक संदेशों के जरिए वह पुरुषों की सहानुभूति बटोरती और फिर शादी के लिए तैयार कर लेती थी।

अब तक की जांच में सामने आया है कि समीरा ने 2010 में इमरान अंसारी, 2013 में नजमुज साकीब और रेहमान शेख, 2016 में मिर्जा अशरफ बेग, 2017 में मुद्दसीर मोमिन, 2019 में मोहम्मद तारीक अनीस, 2022 में अमानुल्लाह खान और गुलाम गौस पठान से शादी की थी।

गुलाम गौस पठान नाम के ट्रैवल व्यवसायी ने ही उसके खिलाफ मार्च 2023 में पहली शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि समीरा से उसकी पहचान फेसबुक पर हुई थी। समीरा ने खुद को तलाकशुदा बताकर शादी की और कुछ समय बाद झगड़े, आरोप और धमकियों के जरिए पैसे वसूलने लगी। लाखों रुपये वसूलने के बाद उस पर बलात्कार का झूठा आरोप भी लगाया और समझौते के नाम पर भारी रकम की मांग की।

अभी तक की जांच में समीरा द्वारा नौ शादियां करने और करोड़ों रुपये की ठगी की पुष्टि हुई है। कोर्ट ने उसे तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button