राजकोट-अहमदाबाद हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, 6 की मौत

राजकोट: राजकोट-अहमदाबाद हाईवे पर मंगलवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन महिलाओं और तीन पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा मालियासण गांव के पास हुआ, जब रॉन्ग साइड से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी।
शादी समारोह में जा रहा था परिवार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नवापुर गांव का एक परिवार ऑटो में सवार होकर शादी समारोह में जा रहा था। इसी दौरान हाईवे पर मालियासण गांव के पास रॉन्ग साइड से आ रहे ट्रक ने ऑटो को टक्कर मार दी। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया गया। शवों को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई, क्योंकि टक्कर के बाद ऑटो बुरी तरह पिचक गया था।
घायल ऑटो चालक अस्पताल में भर्ती, ट्रक चालक फरार
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है और आरोपी चालक की तलाश शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ट्रक तेज रफ्तार में था और गलत दिशा में चलते हुए ऑटो को टक्कर मारी।
पुलिस का बयान
सहायक पुलिस आयुक्त आरएस बारिया ने बताया कि मृतकों में सात वर्षीय बच्चा, दो महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल ऑटो चालक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोग प्रशासन से हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और रॉन्ग साइड ड्राइविंग पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार ट्रक चालक की तलाश जारी है।
