Breaking NewsMaharashtra

माँ की गोद में तड़पते मासूम की मौत, आखिरी सांस तक थामा रहा दामन

सोलापुर के अक्कलकोट MIDC में टॉवेल फैक्ट्री में भीषण आग, 8 लोगों की मौत; माँ की गोद में मासूम ने तोड़ा दम

सोलापुर: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के अक्कलकोट MIDC इलाके में उस्मान मंसूर की टॉवेल फैक्ट्री में देर रात आग लगने की भीषण घटना सामने आई है। इस हादसे में 8 लोगों की जलकर मौत हो गई है, जिनमें से चार लोग उस्मान मंसूर के ही परिवार के सदस्य थे।

बताया जा रहा है कि देर रात करीब 3 बजे किसी अज्ञात कारण से फैक्ट्री में आग लग गई। उस वक्त मंसूर परिवार के लोग फैक्ट्री की दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। आग फैलने पर वे जान बचाने के लिए एक कमरे से बाथरूम में चले गए, लेकिन वहां भी वे सुरक्षित नहीं रह सके।

इस दर्दनाक हादसे में मंसूर के एक साल के नाती यूसुफ की भी मौत हो गई। वह अपनी मां की गोद में था और आखिरी वक्त तक मां ने उसे सीने से लगाए रखा। जब अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाया और शवों की तलाश शुरू की, तब उन्हें यूसुफ अपनी मां की गोद में मृत मिला। यह दृश्य देख कर अग्निशमन कर्मी भी भावुक हो उठे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया है और मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये तथा घायलों को 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी इस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया है और मृतकों के परिवारों को मुख्यमंत्री सहायता निधि से 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने की घोषणा की है।

इस हृदयविदारक हादसे ने पूरे सोलापुर शहर को शोक में डुबो दिया है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं कि आग किस कारण लगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button