लोणावला में युवती का अपहरण कर कार में किया गया बलात्कार, 12 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

पुणे: महाराष्ट्र के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल लोणावला में इंसानियत को शर्मसार करने वाली एक और घटना सामने आई है। यहां एक युवती का पहले अपहरण किया गया और फिर चलती कार में अलग-अलग स्थानों पर उसके साथ बलात्कार किया गया। यह घटना सामने आते ही इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पीड़िता को जबरदस्ती कार में बैठाया और लोणावला के अलग-अलग इलाकों में कार रोक-रोककर उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी ने युवती को एक सुनसान जगह पर फेंक दिया।
इससे कुछ दिन पहले ही लोणावला क्षेत्र में एक विवाहित महिला के साथ भी दुष्कर्म की घटना हुई थी। उस महिला का अपने पति से झगड़ा हो गया था, जिसके बाद वह पैदल अपने मायके जा रही थी। रास्ते में एक आरोपी ने उसे पकड़कर उसके साथ दुष्कर्म किया था।
अब एक और घटना से पूरे लोणावला क्षेत्र में महिला सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।
इस गंभीर मामले में लोणावला शहर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 12 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस निरीक्षक राजेश रामाघरे ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
लोणावला जैसे पर्यटन स्थल पर बार-बार महिलाओं के साथ हो रही आपराधिक घटनाओं ने स्थानीय प्रशासन और पुलिस व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला संगठनों ने इस मामले में दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।
