कर्नाटक में बजरंग दल कार्यकर्ता की सरेआम हत्या, मंगलुरू में तनाव

कर्नाटक के मंगलुरू में बजरंग दल कार्यकर्ता सुहास शेट्टी की सरेआम हत्या का मामला सामने आया है। इस सनसनीखेज हत्याकांड का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कुछ लोग खुलेआम धारदार हथियार से सुहास पर हमला करते दिख रहे हैं। घटनास्थल पर मौजूद लोग मूकदर्शक बने रहे, जबकि हमलावर बेरहमी से हमला करते रहे।
पुलिस ने मृतक की पहचान सुहास शेट्टी के रूप में की है और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सुहास पर फैजल नामक युवक की हत्या का आरोप था। बताया जा रहा है कि फैजल की हत्या बीजेपी कार्यकर्ता प्रवीण नेतारू की हत्या के बाद बदले के रूप में की गई थी। प्रवीण नेतारू की हत्या की जांच एनआईए द्वारा की जा रही है।
हत्या के बाद मंगलुरू में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। विशेषकर उस अस्पताल की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है, जहां सुहास शेट्टी का शव रखा गया है। बीजेपी सांसद नलिन कुमार कटील भी अस्पताल पहुंच चुके हैं और मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
फिलहाल शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए सतर्क है।
