आस्था के नाम पर घिनौना खेल: ‘भुवानी’ गंगाराम ने महिला से 9 बार किया दुष्कर्म, पति की चालाकी से हुआ गिरफ्तार

सूरत में श्रद्धा और आस्था की आड़ में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। संतान सुख पाने की चाह में एक महिला अपने पति के साथ बोटाद जिले के चिरोड़ा गांव के रहने वाले गंगाराम रामचरणदास के पास पहुंची, जो खुद को हनुमानजी का भक्त बताता था। गंगाराम ने ‘पितृदोष’ दूर करने के बहाने महिला को अपनी हवस का शिकार बनाया।
पीड़िता (25) की शादी को दो साल हो चुके थे, लेकिन संतान न होने पर वह और उसका पति गंगाराम के पास पहुंचे। आरोपी ने काला जादू और वशीकरण का सहारा लेकर महिला से दुष्कर्म किया। डेढ़ महीने पहले वह विधि करने के बहाने पीड़िता के घर आया और जबरन संबंध बनाए। अगस्त की शुरुआत में उसने फिर ‘पितृदोष’ की विधि के नाम पर महिला को अकेले बुलाकर दो दिन बंधक बनाकर रेप किया।
जब महिला वापस नहीं लौटी, तो उसके पति ने अडाजण पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए योजना बनाई और उसे विधि करने के बहाने सूरत बुलाया। रास्ते में भी आरोपी ने चलती बस में महिला के साथ शारीरिक संबंध बनाए, जो 9वीं बार का दुष्कर्म था।
जैसे ही बस सूरत पहुंची, पुलिस ने गंगाराम को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दो बच्चों का पिता है। पुलिस ने रेप का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और बस ड्राइवर समेत स्टाफ से भी पूछताछ की जा रही है।
