रायगढ़ में दिल दहला देने वाली घटना: युवक ने नर्स की कोयते से की हत्या, फिर फंदा लगाकर दी जान

रायगढ़ : रायगढ़ जिले के सुधागढ़ तालुका के परली गांव में मंगलवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एकतरफा प्रेम में असफल रहने पर एक युवक ने पहले नर्स की कोयते से हत्या कर दी और फिर खुदकुशी कर ली। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।
मृत युवक का नाम शेखर संतोष दुधाणे (उम्र 26 वर्ष, निवासी दुधाणेवाड़ी, सुधागढ़) है, जिसने पौर्णिमा अनंता देसाई (उम्र 22 वर्ष, निवासी देसाईपाड़ा, सुधागढ़) नामक युवती की बेरहमी से हत्या की। यह घटना परली स्थित राजेश पॉलीक्लिनिक एंड नर्सिंग होम में मंगलवार शाम को हुई। पाली पुलिस थाने में रात साढ़े ग्यारह बजे इस मामले की एफआईआर दर्ज की गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शेखर और पौर्णिमा दोनों एक ही नर्सिंग होम में काम करते थे। पौर्णिमा नर्स के पद पर कार्यरत थी। शेखर को उससे प्रेम था और उसने कई बार अपने दिल की बात जाहिर की थी, लेकिन पौर्णिमा उसे लगातार नकार रही थी। हाल के दिनों में वह शेखर से दूरी बना रही थी, जिससे शेखर को संदेह होने लगा। इसी कारण दोनों के बीच झगड़े होते थे और अंततः यह खौफनाक वारदात सामने आई।
मंगलवार शाम शेखर नर्सिंग होम पहुंचा और वहीं कोयते से पौर्णिमा पर ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। खून से लथपथ नर्स को देखकर अस्पताल में हड़कंप मच गया। इसके बाद शेखर ने नर्सिंग होम के एक कमरे में चादर से फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
मौके से पुलिस को एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें शेखर ने लिखा है, “मैं अकेला क्यों मरूं?”—इसमें उसने अपने मन की व्यथा और घुटन को जाहिर किया है।
पाली पुलिस निरीक्षक सरिता चव्हाण ने इस मामले में विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि घटना की जांच तेजी से की जा रही है। दो प्रेमी साथियों की इस दर्दनाक और खौफनाक कहानी ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
