पाखंडी बाबा का छल: संतान सुख के बहाने किसान दंपत्ति से 21 लाख की ठगी, जमीन तक गिरवी

हिंगणघाट (वर्धा): संतान सुख की चाह में एक किसान दंपत्ति के साथ लाखों रुपये की ठगी का चौंकाने वाला मामला प्रकाश में आया है। आरोप है कि स्वयं को बाबा बताने वाले दो व्यक्तियों ने पूजा-पाठ के बहाने दंपत्ति से 21 लाख 89 हजार रुपये हड़प लिए और अब फरार हैं।
इस तरह रची गई ठगी की साजिश
गोविंदपुर गांव के किसान महेंद्र निवृत्ती सांबरे (37) के पास पांच एकड़ खेती है। जून माह में नंदीबैल की जोड़ी के साथ दो व्यक्ति उनके गांव आए। बातचीत के दौरान सांबरे की पत्नी ने संतान न होने की समस्या बताई। इस पर दोनों ठगों ने दावा किया कि उनके घर में सोना दबा है और इसी कारण संतान नहीं हो रही। उन्होंने भरोसा दिलाया कि विशेष पूजा कराने से सोना भी मिलेगा और संतान सुख भी प्राप्त होगा।
खेती गिरवी रखकर दिए रुपये
ठगों ने धीरे-धीरे पूजा के नाम पर रकम मांगनी शुरू की। पहले 70 हजार रुपये, फिर एक लाख रुपये और उसके बाद सीधे 21 लाख रुपये की मांग रखी। रकम जुटाने के लिए सांबरे को अपनी पांच एकड़ खेती गिरवी रखनी पड़ी। इसके बाद भी ठगों ने 36 लाख रुपये और देने का दबाव बनाया।
जब दंपत्ति को ठगी का आभास हुआ, तो उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। आरोपियों का दिया मोबाइल नंबर बंद मिला। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध मामला दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।
