आयुष कोमकर हत्याकांड : आंदेकर गैंग पर बड़ी कार्रवाई, 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज, 6 गिरफ्तार

पुणे: शुक्रवार 5 सितंबर को नगरसेवक वनराज आंदेकर की हत्या का बदला लेने के लिए आंदेकर गैंग ने गोलीबारी कर गणेश कोमकर के बेटे आयुष कोमकर की हत्या कर दी। गैंग के अमन पठान और यश पाटिल ने उस पर करीब 12 गोलियां दागीं, जिनमें से 9 गोलियां आयुष के शरीर में मिलीं। आरोपियों ने बेसमेंट में घात लगाकर यह हमला किया। इस प्रकरण में गैंग के सरगना बंडू आंदेकर सहित कुल 13 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, जिनमें पूर्व नगरसेविका लक्ष्मी आंदेकर और एक अन्य महिला का भी नाम शामिल है।
हत्या के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए यश पाटिल और अमित पाटोले को गिरफ्तार किया था। अब इस मामले में और 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि आधिकारिक नाम सामने नहीं आए हैं, लेकिन प्राथमिक जानकारी के अनुसार गिरफ्तार किए गए लोगों में बंडू आंदेकर, स्वराज वाडेकर और तुषार वाडेकर शामिल हैं।
भारी सुरक्षा में अंतिम संस्कार
हत्या के तीन दिन बाद यानी 8 सितंबर की रात आयुष कोमकर का अंतिम संस्कार किया गया। खास बात यह रही कि जेल में बंद उसके पिता गणेश कोमकर ने भी पुलिस सुरक्षा में अंतिम संस्कार में भाग लिया। अंतिम संस्कार के कुछ घंटों बाद ही पुलिस ने आंदेकर गैंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू की और देर रात छह लोगों को पकड़ लिया।
दर्ज आरोपियों की सूची
पुलिस ने जिन 13 लोगों पर मामला दर्ज किया है उनमें –
- सूर्यकांत उर्फ बंडू राणोजी आंदेकर (60)
- कृष्णा उर्फ कृष्णराज सूर्यकांत आंदेकर (41)
- शिवम उर्फ शुभम सूर्यकांत आंदेकर (31)
- अभिषेक उदयकांत आंदेकर (21)
- शिवराज उदयकांत आंदेकर (29)
- लक्ष्मी उदयकांत आंदेकर (60)
- वृंदावनी निलंजय वाडेकर (40)
- तुषार निलंजय वाडेकर (26)
- स्वराज निलंजय वाडेकर (22)
- अमन युसुफ पठान उर्फ खान
- सुजल राहुल मेरगु (23)
- यश सिद्धेश्वर पाटिल
- अमित प्रकाश पाटोले (19)
इस हत्या ने इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस अब इस पूरे गैंग पर शिकंजा कसने में जुटी है।