महिला ने पति से वीडियो कॉल पर विवाद के बाद की आत्महत्या, तीन साल का बेटा बगल में सोता रहा
ससुराल वालों ने शव और बच्चे को अपनाने से किया इनकार, मायके वालों ने किया अंतिम संस्कार का फैसला

गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) – जिले के गीडा थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक महिला ने अपने पति से वीडियो कॉल पर विवाद के बाद फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान बिहार के सिवान की रहने वाली खुशी अंसारी के रूप में हुई है, जिसकी चार साल पहले गोरखपुर निवासी नदीम अंसारी से लव मैरिज हुई थी।
जानकारी के मुताबिक, नदीम सऊदी अरब में नौकरी करता है और हाल ही में छुट्टी मनाकर 15 दिन पहले ही विदेश लौटा था। शुक्रवार देर रात खुशी ने अपने पति से वीडियो कॉल पर बात की, इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। कॉल कट करने के कुछ देर बाद ही खुशी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उनका तीन वर्षीय बेटा बेड पर सो रहा था।
पति को हुआ अनहोनी का शक, पड़ोसी ने देखा शव
कॉल कट होने के बाद जब नदीम ने कई बार फोन किया और जवाब नहीं मिला, तो उसने पड़ोसी को कॉल कर घर जाकर देखने को कहा। पड़ोसी ने दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर खिड़की से झांककर देखा तो खुशी का शव पंखे से लटका हुआ था। वहीं, उसका बच्चा बेड पर सो रहा था। इसकी सूचना पुलिस और नदीम को दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंची, गेट तोड़कर शव उतारा
सूचना मिलने के बाद गीडा पुलिस FSL टीम के साथ मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान बच्चा घटनास्थल पर ही रोते-रोते सो गया था, जिसे पड़ोसी ने संभाला।
मायके वालों का आरोप, ससुराल ने लाश और बच्चा लेने से किया इनकार
मृतका की मां ने बताया कि खुशी की अपने भाइयों से बात होती रहती थी। 2 जून को छोटे भाई की शादी थी, जिसकी तैयारी में वह भी शामिल होने वाली थी। लेकिन इस बीच यह दुखद हादसा हो गया। मृतका की मां ने आरोप लगाया कि नदीम के घरवालों ने बेटी की लाश और उसके बेटे को लेने से इनकार कर दिया है। इसलिए अब वह खुद अपनी बेटी का अंतिम संस्कार करेंगी और उसके बच्चे की परवरिश की जिम्मेदारी भी लेंगी।
फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और मृतका के परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस घटना ने लव मैरिज और पारिवारिक कलह के गंभीर पहलुओं को एक बार फिर उजागर कर दिया है।
