Breaking NewsMaharashtraMumbai

महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट: रायगढ़ और रत्नागिरी में रेड अलर्ट, मुंबई समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने महाराष्ट्र के कई जिलों में आगामी दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी दी है। विभाग ने रायगढ़ और रत्नागिरी जिलों के लिए ‘रेड अलर्ट’ जबकि मुंबई, ठाणे, पालघर, सिंधुदुर्ग, पुणे और सतारा के घाट इलाकों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है।

आईएमडी के अनुसार, रायगढ़ में 23 मई को और रत्नागिरी में 22 व 23 मई को अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। वहीं, मुंबई के लिए 23 और 24 मई को ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है। इस दौरान गरज के साथ बारिश, बौछारें और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

विभाग ने बताया कि अरब सागर में दक्षिण कोंकण और गोवा तट से दूर एक कम दबाव का क्षेत्र बना है, जो अगले 36 घंटों में और तेज हो सकता है तथा उत्तर की ओर बढ़ेगा। क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र की अधिकारी शुभांगी भूटे ने बताया कि इस मौसमी प्रणाली के कारण हवा की गति 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है, जो कुछ जगहों पर 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

आईएमडी की चेतावनी के अनुसार, पूरे कोंकण क्षेत्र को ऑरेंज अलर्ट पर रखा गया है, जबकि रायगढ़ और रत्नागिरी में हालात गंभीर हो सकते हैं। बृहस्पतिवार शाम को दक्षिण मुंबई में हुई बारिश ने लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत जरूर दी, लेकिन आने वाले दिनों में मौसम की यह करवट चुनौती बन सकती है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और मौसम विभाग की ताज़ा चेतावनियों पर ध्यान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button