मुंबई-गोवा हाईवे पर भीषण हादसा, एक की मौके पर मौत, यातायात कुछ देर बाधित

रत्नागिरी के भोस्ते घाट में मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग पर देर रात एक भीषण सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के कारण कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस ने नियंत्रित कर धीरे-धीरे बहाल कर दिया।
मुंबई-गोवा हाईवे को वैसे ही खस्ताहाल सड़कों, गड्ढों और भारी ट्रैफिक के लिए जाना जाता है। खेड के पास स्थित भोस्ते घाट इस मार्ग का बेहद खतरनाक हिस्सा माना जाता है, जहां पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। सोमवार तड़के यहां एक ट्रक का खतरनाक मोड़ पर नियंत्रण बिगड़ गया और हादसा हो गया।
इस दुर्घटना में ट्रक के केबिन में मौजूद एक व्यक्ति ट्रक के पहियों के नीचे आकर मौके पर ही कुचल गया। हादसे के बाद मुंबई की ओर जाने वाली गाड़ियां कुछ समय के लिए एक ही लेन से गुजारी गईं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, भोस्ते घाट के तीखे मोड़ और सड़क की खराब हालत के कारण यहां हादसों की संख्या लगातार बढ़ रही है। प्रशासन से इस क्षेत्र में सुरक्षा इंतजाम मजबूत करने की मांग की जा रही है।