जलगांव में मॉब लिंचिंग: नाबालिग से दोस्ती का खौफनाक अंजाम, 21 वर्षीय सुलेमान की पीट-पीटकर हत्या!

जलगांव जिले के जामनेर तहसील में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहाँ 21 वर्षीय युवक को भीड़ ने तीन अलग-अलग जगहों पर बेरहमी से पीटा, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले में दो संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
मृतक का नाम सुलेमान रहीम खान पठान है, जो जामनेर तहसील के बेटावद खुर्द गांव का निवासी था। घटना के दिन वह जामनेर शहर के एक कैफ़े में नाबालिग लड़की के साथ बैठा था। इसकी जानकारी कुछ स्थानीय युवकों को मिली, जिन्होंने कैफ़े में घुसकर सुलेमान को बाहर खींचा और बेरहमी से पीटा।
इसके बाद आरोपी उसे बस स्टैंड पर ले गए और फिर से मारपीट की। जब सुलेमान अपने गांव की ओर लौट रहा था, तब आरोपियों ने उसका पीछा कर घर के पास तीसरी बार हमला किया।
गंभीर रूप से घायल सुलेमान घर पहुंचा और पानी पीते ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही सुलेमान के पिता रहीम खान पठान ने जामनेर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस थाने के सामने बड़ी संख्या में जमा होकर धरना दिया। इस दौरान भीड़ में कुछ उपद्रवियों ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप कर स्थिति को काबू में किया।
जिल्हा पुलिस अधीक्षक महेश्वर रेड्डी ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस आगे की जांच में जुटी है।
