पुलिस की वर्दी में छिपा भेड़िया: पति को जेल भेजने की धमकी देकर महिला का किया शिकार!
![](https://khasdartimes.com/wp-content/uploads/2025/01/20250129_004330.jpg)
उत्तराखंड में एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक पुलिसकर्मी ने अपने कर्तव्यों को भूलकर एक विवाहित महिला के साथ जबरदस्ती शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला और उसके पति को जेल में डालने की धमकी दी।
पीड़ित महिला गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में अपने पति के साथ रहती है। उसने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि आरोपी उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल के पद पर कार्यरत है और हरिद्वार एसएसपी कार्यालय में डाक मुंशी के रूप में तैनात है। घटना 27 नवंबर 2024 की है, जब आरोपी पुलिसकर्मी पीड़िता के घर पहुंचा। उस समय महिला घर पर अकेली थी।
जबरदस्ती का किया प्रयास
आरोपी ने महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला। जब महिला ने इसका विरोध किया और उसे घर से जाने को कहा, तो वह गुस्से में आ गया। उसने न सिर्फ महिला को गालियां दीं, बल्कि उसके पति को जेल में डालने की धमकी भी दी।
आरोपी ने दी धमकी और भाग निकला
महिला के चिल्लाने पर आरोपी डरकर मौके से भाग गया। जब महिला के पति घर लौटे, तो उसने उन्हें पूरी घटना के बारे में बताया। इसके बाद पति ने रिश्तेदारों के माध्यम से आरोपी से बात करने की कोशिश की, लेकिन उसने फिर से धमकी दी।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
महिला और उसके पति ने गाजियाबाद पुलिस आयुक्त कार्यालय में मदद की गुहार लगाई। एसीपी सलोनी अग्रवाल ने बताया कि महिला की शिकायत पर आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।
दूसरी घटना: संपत्ति विवाद में दर्ज हुआ मामला
गाजियाबाद के राजनगर इलाके में भी एक अन्य मामला सामने आया है। योगेश शर्मा नामक व्यक्ति ने कोर्ट के आदेश के बाद अपनी बहन, बहन के पति और अन्य 16-18 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और मारपीट का केस दर्ज कराया है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इन लोगों ने उनकी वृद्ध मां के बीमार होने का फायदा उठाकर उनके घर को अपने नाम पर करवा लिया।
जांच जारी
दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जनता का भरोसा जीतने की जिम्मेदारी जिन पर होती है, उन्हीं के ऐसे कृत्यों से सवाल उठने लगे हैं।