मराठा आरक्षण पर मनोज जरांगे का सरकार को अल्टीमेटम, 29 अगस्त को आज़ाद मैदान पर बड़ा प्रदर्शन

मुंबई: मराठा आरक्षण को लेकर आंदोलन कर रहे मनोज जरांगे पाटील ने राज्य सरकार को कड़ा इशारा दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि “मराठा समाज को ओबीसी वर्ग से आरक्षण मिलना ही चाहिए। अगर सरकार ने 26 अगस्त तक ठोस निर्णय नहीं लिया, तो 27 अगस्त को हम मुंबई की ओर कूच करेंगे और 29 अगस्त को हजारों की संख्या में मराठा बांधवों के साथ आज़ाद मैदान में उतरेंगे।”
जरांगे के इस ऐलान के बाद राज्य सरकार के सामने बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। एक ओर मुंबई में गणेशोत्सव की तैयारियां जोरों पर हैं, वहीं दूसरी ओर मराठा आरक्षण के आंदोलन से शहर की यातायात व्यवस्था और सुरक्षा तंत्र पर भारी दबाव आने वाला है।
सरकार पर अब 26 अगस्त तक निर्णायक फैसला लेने का दबाव बढ़ गया है। अगर कोई हल नहीं निकला तो मुंबई में होने वाला यह विशाल प्रदर्शन राज्य की राजनीति और प्रशासन के लिए एक बड़ी परीक्षा साबित हो सकता है।
