मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर डेढ़ घंटे तक भाकियू अराजनैतिक का कब्जा, कलक्ट्रेट पर गूंजे किसानों के तेवर

मुरादाबाद : (रिपोर्ट–शारिक अली) सोमवार दोपहर किसानों का गुस्सा सड़कों पर फूट पड़ा। भाकियू अराजनैतिक के जिलाध्यक्ष शंकर सिंह यादव के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में किसान व पदाधिकारी अनाज मंडी समिति से कलक्ट्रेट की ओर निकले और मुरादाबाद-आगरा हाईवे पर कब्जा जमा लिया। करीब डेढ़ घंटे तक हाईवे जाम रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
किसानों का यह आंदोलन पूरी तरह जोशीले अंदाज में दिखा। ट्रैक्टरों, चारपहिया वाहनों और डीजे के साथ किसान नारेबाजी करते हुए आगे बढ़े। करीब साढ़े तीन घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान कलक्ट्रेट के बाहर माहौल गरमाया रहा।
बाद में किसानों का प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी (डीएम) से वार्ता के लिए पहुंचा। वार्ता के दौरान पदाधिकारियों ने किसानों से जुड़ी समस्याएं रखीं। डीएम की ओर से समाधान का आश्वासन मिलने पर किसानों ने आंदोलन समाप्त किया और धीरे-धीरे हाईवे से हट गए।
इस बीच पूरे इलाके में जाम के कारण आमजन को भारी परेशानी झेलनी पड़ी, जबकि पुलिस प्रशासन भी स्थिति को संभालने में जुटा रहा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
