अमरावती में दिवाली पर फटाके फोड़ने के कारण चाकू से हत्या: मोहम्मद मुस्तकीन ने अब्दुल सोहेल को उतारा मौत के घाट

अमरावती/प्रतिनिधि
अमरावती के नागपुरी गेट थाना क्षेत्र में दिवाली की रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। यहां फटाकों को लेकर हुए मामूली विवाद में 22 वर्षीय अब्दुल सोहेल अब्दुल शफीक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह दर्दनाक वारदात 21 अक्टूबर की देर रात गुलिस्तान नगर इलाके में घटी।
पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी मोहम्मद मुस्तकीन मोहम्मद मुमताज को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है।
क्या हुआ था विवाद?
पुलिस के मुताबिक, 20 अक्टूबर की रात अब्दुल सोहेल फटाके फोड़ रहा था। उसी दौरान एक फटाका आरोपी मुस्तकीन की दिशा में चला गया। उसे यह लगा कि सोहेल ने जानबूझकर उसकी ओर फटाका फेंका है। इसी बात पर दोनों में बहस हुई थी।
अगली रात यानी 21 अक्टूबर को मुस्तकीन फिर से गुलिस्तान नगर स्थित अल-बर्जर हॉल परिसर में सोहेल के घर पहुंचा। वहां दोनों के बीच पुरानी बात को लेकर फिर झगड़ा हुआ, जो मारपीट में बदल गया। गुस्से में आए मुस्तकीन ने चाकू से सोहेल पर वार किया। एक वार उसके कंधे के पास लगा और अधिक रक्तस्राव के चलते सोहेल की मौके पर ही मौत हो गई।
इस वारदात से गुलिस्तान नगर में तनाव फैल गया है। दिवाली के दिन इस तरह की घटना से पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। नागपुरी गेट पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
