नासिक: बस का ब्रेक फेल होने से बड़ा हादसा, पिता की मौत – बेटा गंभीर घायल

नाशिक के सिडको परिसर में स्थित राजे संभाजी स्टेडियम के पास सोमवार की दोपहर बड़ा सड़क हादसा हो गया। के.के. वाघ इंजीनियरिंग कॉलेज के छात्रों को ले जाने वाली एक निजी शैक्षणिक संस्था की बस का ब्रेक अचानक फेल हो गया। इस हादसे में 75 वर्षीय सुरेश अनपट की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पुत्र एडवोकेट उमेश अनपट गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, यह घटना दोपहर करीब 4 बजे घटी। बस सिडको से अंबड पुलिस थाने की ओर जा रही थी। उसी समय सुरेश अनपट और उनका बेटा उमेश अनपट भी दुचाकी से उसी मार्ग पर जा रहे थे। स्टेडियम के पास उनके आगे चल रहे टेम्पो ने अचानक अपनी गति कम की, जिसके चलते उन्होंने भी बाइक की रफ्तार धीमी की। तभी पीछे से आ रही बस का ब्रेक फेल हो गया और चालक का वाहन से नियंत्रण छूट गया। तेज रफ्तार बस ने उनकी दुचाकी को जोरदार टक्कर मार दी।
धक्का इतना भीषण था कि सुरेश अनपट की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनका बेटा उमेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिनका इलाज अस्पताल में चल रहा है।
हादसे के बाद गुस्साए नागरिकों ने बस चालक दिलीप गंगाधर गांगुर्डे को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद एंबुलेंस समय पर न पहुंचने को लेकर लोगों ने नाराजगी भी जताई। इस हादसे से नाशिक शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है।
