Breaking NewsSillodSports–Education–Health

विधायक अब्दुल सत्तार के हाथों खेल स्पर्धा का उद्घाटन, विद्यार्थियों को खेलों में भाग लेने का दिया संदेश

सिल्लोड: (रिपोर्ट करीम लाला) क्रीड़ा प्रतियोगिताओं से शरीर स्वस्थ और निरोगी रहता है। खेलों से अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और जीवन के अन्य अमूल्य कौशल विकसित होते हैं। इसलिए विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलों को भी महत्व देना चाहिए, ऐसा प्रतिपादन विधायक अब्दुल सत्तार ने किया।

उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों को टीम भावना और जीत की जिद के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेना चाहिए और अपने खेल कौशल का प्रदर्शन करना चाहिए।

सिल्लोड नगर परिषद विद्यालय के प्रांगण में नगर की प्रमुख शालाओं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित क्रीड़ा प्रतियोगिता का उद्घाटन विधायक अब्दुल सत्तार के हाथों संपन्न हुआ। इस अवसर पर वे उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित कर रहे थे।

राष्ट्रीय क्रीड़ा दिवस के अवसर पर नगर परिषद माध्यमिक विद्यालय तथा पंचायत समिति शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में इस प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद तथा समाज सुधारिका सावित्रीबाई फुले की प्रतिमा पर विधायक अब्दुल सत्तार द्वारा माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने से हुई। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय क्रीड़ा दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।

इस प्रतियोगिता में नगर की कुल 10 प्रमुख शालाओं ने भाग लिया है। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में रस्साकशी, दौड़, खो-खो, वॉलीबॉल, कबड्डी, नींबू-चम्मच दौड़, बोरा दौड़, योगा और साइकिलिंग जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

कार्यक्रम का संचालन प्रवीण लोखंडे ने किया। प्रस्तावना गट शिक्षा अधिकारी अनिल पवार ने रखी और अंत में नगर परिषद विद्यालय के मुख्याध्यापक नारायण चव्हाण ने उपस्थित सभी का आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर तहसीलदार सतीश सोनी, कृउबा समिति के सभापति विश्वास पा. दाभाडे, संचालक नंदकिशोर सहारे, मुख्याधिकारी कारभारी दिवेकर, गट शिक्षा अधिकारी अनिल पवार, शिवसेना महिला आघाड़ी की दुर्गाबाई पवार, पूर्व नगरसेवक प्रशांत क्षीरसागर, राजू गौर, प्रभाकर पारधे, रवी गायकवाड, केंद्र प्रमुख किशोर जगताप, शिक्षा विस्तार अधिकारी रमेश ठाकूर, आर.डी. फुसे, मुख्याध्यापक नारायण चव्हाण तथा तालुका क्रीड़ा समन्वयक श्री धनवट आदि उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button