Breaking NewsCrime NewsPune

पिंपरी चिंचवड़ में ऑनर किलिंग जैसा मामला – रिश्तेदार युवती से प्रेम करने वाले युवक की पीट-पीटकर हत्या, 11 पर केस दर्ज, 9 गिरफ्तार

पुणे: पिंपरी चिंचवड़ में रिश्तेदारी में आने वाली युवती से प्रेम संबंध रखने वाले एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में 11 आरोपियों पर हत्या का केस दर्ज करते हुए अब तक 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार मृतक युवक रामेश्वर घेंगट (26) का उसी के परिवार की एक युवती के साथ प्रेम संबंध था। युवक का स्वभाव और आपराधिक पृष्ठभूमि होने के शक के चलते युवती के घरवालों ने शादी का विरोध किया। लेकिन दोनों शादी करने पर अड़े रहे।

22 जुलाई को पिंपरी के सांगवी इलाके के देवकर पार्क स्थित एक घर में यह घटना घटी। युवती के परिजनों ने युवक को शादी की बात करने के बहाने बुलाया। युवक अपने माता-पिता के साथ वहां पहुंचा। लेकिन बातचीत के दौरान दोनों परिवारों में विवाद हो गया। इसी दौरान युवती के पिता और अन्य रिश्तेदारों ने युवक को एक कमरे में ले जाकर उसके गुप्तांग, सिर और शरीर के कई हिस्सों पर बुरी तरह पीटा।

गंभीर हालत में युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। घटना की जानकारी मिलते ही सांगवी पुलिस हरकत में आई और मृतक के परिवार की शिकायत पर 11 लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में मामला दर्ज किया।

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक जितेंद्र कोळी ने बताया कि इस मामले में युवती के पिता प्रशांत सारसर और करण खोकर समेत 11 आरोपियों पर मामला दर्ज है। पुलिस ने 9 को गिरफ्तार कर लिया है जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है और इसे ऑनर किलिंग जैसी वारदात बताया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button