7.30 करोड़ के नशे का काला कारोबार ध्वस्त – औरंगाबाद पुलिस की जाल में फंसे 102 आरोपी

औरंगाबाद : विशेष पुलिस महानिरीक्षक परिक्षेत्र के अंतर्गत आने वाले चारों जिलों — औरंगाबाद ग्रामीण, बीड, जालना और उस्मानाबाद — में इस वर्ष अब तक लगभग 7 करोड़ 30 लाख रुपए मूल्य के मादक पदार्थ जब्त किए गए हैं। इसमें गांजा, अफीम, एमडी ड्रग्स और बटन टैबलेट शामिल हैं। यह जानकारी बुधवार (3 सितंबर) को कार्यालय की ओर से दी गई।
खास बात यह रही कि कुछ स्थानों पर कपास की खेती के नाम पर गांजे की खेती की जा रही थी, जिस पर पुलिस ने छापा मारकर कार्रवाई की। साथ ही अन्य राज्यों से मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों पर भी शिकंजा कसा गया।
नए साल की शुरुआत से ही मादक पदार्थ विरोधी जनजागरण और कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। अगस्त महीने में विशेष अभियान चलाकर 102 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और 6 लोगों को नोटिस देकर उनके खिलाफ अपराध दर्ज किया गया।
पुलिस ने अब तक 1129 किलो गांजा, 835 किलो अफीम, 73 ग्राम एमडी ड्रग्स और 46 बटन टैबलेट जब्त किए हैं। इनकी कीमत करीब 7 करोड़ 30 लाख रुपए आंकी गई है। यह कार्रवाई विशेष पुलिस महानिरीक्षक वीरेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में और चारों जिलों के पुलिस अधीक्षकों के मार्गदर्शन में की गई।
जनजागरण पर विशेष जोर
कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरण पर भी जोर दिया गया। युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए अब तक 131 स्कूल, कॉलेज और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें व्याख्यान, ऑडियो-वीडियो प्रेजेंटेशन, पथनाट्य, रैली और मैराथन जैसे कार्यक्रम शामिल रहे।
