Breaking NewsIndia & The States

देवघर में बड़ा हादसा: बस और ट्रक की टक्कर में 18 कांवड़ियों की मौत, 20 घायल

झारखंड के देवघर जिले के मोहनपुर प्रखंड में मंगलवार सुबह श्रद्धालुओं से भरी एक बस और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 18 कांवड़ियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए हैं। हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।

घटना मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे की है, जब गोड्डा-देवघर मुख्य मार्ग पर जमुनिया मोड़ के पास एक तेज रफ्तार बस और ट्रक आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई श्रद्धालु बस में ही फंसे रह गए।

सूचना मिलते ही मोहनपुर थाना प्रभारी प्रियरंजन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया। घायलों को एंबुलेंस के जरिए मोहनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां कई की हालत गंभीर बनी हुई है।

राजनीतिक और प्रशासनिक प्रतिक्रियाएं
हादसे पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक-संदेश जारी करते हुए लिखा, “देवघर के मोहनपुर प्रखंड में बस दुर्घटना में श्रद्धालुओं की मृत्यु की अत्यंत दुःखद सूचना मिली है। जिला प्रशासन घायलों को हर संभव चिकित्सा सहायता उपलब्ध करा रहा है। बाबा बैद्यनाथ दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें और परिजनों को दुख सहने की शक्ति दें।”

देवघर लोकसभा क्षेत्र के सांसद निशिकांत दुबे ने भी हादसे पर शोक जताते हुए कहा, “श्रावण मास में कांवर यात्रा के दौरान यह हृदयविदारक दुर्घटना बेहद दुखद है। भगवान शिव इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों को सहनशक्ति प्रदान करें।”

श्रावण मास में उमड़ता है श्रद्धा का सैलाब
बता दें कि देवघर, जिसे बाबा बैद्यनाथ धाम के नाम से जाना जाता है, श्रावण के महीने में लाखों श्रद्धालु यहां जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। हादसे के शिकार श्रद्धालु भी कांवर यात्रा के लिए निकले थे।

यह हादसा श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। फिलहाल, पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button