शादी से पहले संबंधों से इनकार, तो मंगेतर ने किया शिकार ! बलात्कार कर उतारा मौत के घाट

पालघर जिले के बिबलधर गांव से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक दरिंदे ने अपनी होने वाली पत्नी की हत्या कर दी। पुलिस ने कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस वारदात से पूरे जिले में सनसनी फैल गई है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, घटना वाले दिन लड़की के माता-पिता खेत में काम करने गए थे। इसी दौरान उसका होने वाला पति घर पहुंचा। उसने लड़की पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाला, लेकिन लड़की ने साफ इनकार कर दिया। इस बात से नाराज़ आरोपी ने पहले लड़की के साथ बलात्कार किया और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पास के जंगल में भाग गया। शाम को जब लड़की के परिजन घर लौटे तो उन्होंने बेटी का शव देखा। इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में आरोपी को जंगल से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है।
