महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश का कहर: मुंबई डूबी, मराठवाड़ा-पश्चिम महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात, अगले 48 घंटे भारी अलर्ट

मुंबई/प्रतिनिधि
आधी रात से मानो आसमान फटकर बरस रहा हो, ऐसा मूसलाधार बारिश का कहर मुंबई, ठाणे, उपनगरों सहित पूरे महाराष्ट्र में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
बारामती शहर में भारी बारिश से रुई गांव के पास स्थित ओढे में बाढ़ आ गई है। विद्या प्रतिष्ठान के पास से बहने वाले पुल पर पानी चढ़ गया। इंदापूर तालुका के सणसर गांव में तेज बारिश से नाले और ओढे उफान पर आ गए हैं, जिससे कई घरों में पानी घुस गया। वहीं शिरूर तालुका में खेतों में पानी भरने से कांदा सहित कई फसलों को नुकसान होने का खतरा है।
नागपुर में भी देर रात हुई बारिश से नाले और ओढे उफान पर हैं। नायगांव–प्रयागधाम रोड का पुल पानी में डूब गया और यातायात ठप हो गया। कई दुकानों और गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है।
मावळ क्षेत्र में बारिश लौट आई है। लोणावला और खंडाला घाटमाथा घने कोहरे में डूबे हुए हैं। पुराना पुणे–मुंबई हाईवे पर यातायात धीमी गति से चल रहा है।
मुंबई, नवी मुंबई, पनवेल और ठाणे में भी निचले इलाकों में पानी भरना शुरू हो गया है। माटुंगा, दादर, अंधेरी सबवे और पनवेल के कुंभारवाड़ा इलाके में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है।
बीड जिले के आष्टी शहर में बादल फटने जैसी स्थिति बनी। पाटसरा गांव में खेत तालाब टूटने से 5 से 7 एकड़ जमीन बह गई। कई बोरवेल, कुएं और कटाई के लिए तैयार सोयाबीन की फसल बर्बाद हो गई। कडा इलाके के छह गांव पानी से घिर गए हैं। शहर में भी कई घर जलमग्न हो गए। हालात से निपटने के लिए एनडीआरएफ और सेना को बुलाया गया है।
मौसम विभाग ने बताया कि अगले दो दिन महाराष्ट्र, खासकर मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भारी बारिश जारी रहेगी। इसका कारण बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र है, जिसकी वजह से मॉनसून की हवाएं सक्रिय हो गई हैं। परिणामस्वरूप अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश हो रही है।
