पालकमंत्री पंकजा मुंडे ने खेतों से लेकर शहर तक किया अतिवृष्टि प्रभावित क्षेत्रों का दौरा, किसानों और नागरिकों को दिलाया भरोसा

जालना/कादरी हुसैन
जालना जिले में लगातार हो रही अतिवृष्टि से किसानों और नागरिकों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। इसी पृष्ठभूमि में जिले की पालकमंत्री तथा पर्यावरण व जलवायु परिवर्तन मंत्री पंकजा मुंडे ने मंगलवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर हालात का जायजा लिया और पीड़ितों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
खेतों में जाकर किया फसल नुकसान का निरीक्षण
बदनापूर तालुका के मात्रेवाड़ी गांव में पालकमंत्री पंकजा मुंडे ने स्वयं खेत पर पहुंचकर किसानों की बर्बाद हुई फसलों का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने किसान जनार्धन मात्रे से संवाद साधते हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी ली। खेतों में खड़ी तूर, कपास और सोयाबीन की फसलें पूरी तरह नष्ट होने पर उन्होंने तत्काल विभागीय अधिकारियों को नुकसान का त्वरित पंचनामा कर प्रभावित किसानों को तुरंत राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने किसानों से कहा, “सरकार मजबूती से आपके साथ खड़ी है, चिंता करने की कोई आवश्यकता नहीं है। हर संभव सहायता दी जाएगी।”

इस अवसर पर विधायक नारायण कुचे, भाऊसाहेब घुगे, उपविभागीय अधिकारी रामदास दौंड, नायब तहसीलदार श्री. राजमाने समेत अन्य अधिकारी मौजूद थे।
जालना शहर में नागरिकों की समस्याओं का लिया जायजा
मराठवाड़ा मुक्तिसंग्राम वर्धापन दिवस पर टाउन हॉल में ध्वजारोहण कार्यक्रम के बाद पंकजा मुंडे ने जालना शहर का दौरा किया। उन्होंने महापालिका कार्यालय के सामने शिवशक्ति ग्रीन सिटी क्षेत्र और रेलवे स्टेशन के समीप साहित्यरत्न लोकशाहीर अण्णाभाऊ साठे नगर में नागरिकों से मुलाकात की, जहां बारिश का पानी घरों और गलियों में घुस गया था।
उन्होंने प्रभावित परिवारों को आश्वासन दिया कि प्रशासन उनके साथ खड़ा है और उन्हें हर जरूरी सुविधा दी जाएगी। साथ ही जिला प्रशासन को आदेश दिए कि नियम अनुसार प्रभावित नागरिकों को भोजन और आवश्यक राहत सामग्री तत्काल उपलब्ध कराई जाए।
इस दौरान विधायक अर्जुन खोतकर, विधायक नारायण कुचे, जिल्हाधिकारी आशिमा मित्तल, अपर जिल्हाधिकारी रीता मैत्रेवार, महापालिका आयुक्त संतोष खांडेकर समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
इस दौरे से किसानों और नागरिकों में भरोसा जगा कि राज्य सरकार उनके संकट की घड़ी में उनके साथ है और उन्हें तत्काल मदद मिलेगी।
