Breaking NewsDelhiPolitics

दिल्ली एमसीडी में बड़ा राजनीतिक उलटफेर, AAP के 13 पार्षदों ने दिया इस्तीफा, बनाया नया थर्ड फ्रंट

नई दिल्ली: दिल्ली की राजनीति में शनिवार को बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जब आम आदमी पार्टी (AAP) को तगड़ा झटका देते हुए उसके 13 पार्षदों ने सामूहिक रूप से पार्टी से इस्तीफा दे दिया। इन नेताओं ने ‘इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी’ नाम से एक नया थर्ड फ्रंट बनाने की घोषणा की है, जिसका नेतृत्व पूर्व नेता सदन मुकेश गोयल करेंगे।

भाजपा को मिल सकता है लाभ

दिल्ली नगर निगम (MCD) में मौजूदा समीकरणों की बात करें तो भाजपा के पास फिलहाल 117 पार्षद हैं, जबकि आम आदमी पार्टी के पास 113। कांग्रेस के पास 8 पार्षद हैं। अब आप से अलग हुए इन 13 पार्षदों के नए गुट के बाद एमसीडी की राजनीति में बड़ा बदलाव संभव है।

पार्षदों ने लगाए नेतृत्व पर गंभीर आरोप

मुकेश गोयल ने पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा, “नीचे की कोई बात नहीं सुनी जाती थी। मुझे नेता सदन तो बना दिया गया, लेकिन निर्णयों में कोई भागीदारी नहीं थी।” वहीं हेमचंद गोयल ने कहा, “दिल्ली नगर निगम सत्ता के विकेंद्रीकरण का प्रतीक है, लेकिन आप पार्टी ने सारी शक्ति एक ही व्यक्ति के हाथ में केंद्रित कर दी।”

सामूहिक इस्तीफे में क्या कहा गया?

सभी पार्षदों ने सामूहिक इस्तीफा सौंपते हुए लिखा, “2022 में AAP के टिकट पर विजयी होने के बावजूद, पार्टी का नेतृत्व निगम को सही तरीके से संचालित नहीं कर पाया। पार्षदों के साथ समन्वय की कमी के कारण जनता से किए वादे पूरे नहीं हो सके, जिससे पार्टी विपक्ष में चली गई।”

थर्ड फ्रंट में शामिल नेता:

  1. मुकेश गोयल
  2. हेमचंद गोयल
  3. दिनेश भारद्वाज
  4. हिमानी जैन
  5. उषा शर्मा
  6. साहिब कुमार
  7. राखी यादव
  8. अशोक पांडेय
  9. राजेश कुमार
  10. अनिल राणा
  11. देवेंद्र कुमार
  12. रोनाझी शर्मा
  13. मनीषा

नए राजनीतिक समीकरणों पर सबकी नजर

इन इस्तीफों और नए फ्रंट की घोषणा के बाद दिल्ली एमसीडी में समीकरण तेजी से बदल सकते हैं। अब देखना होगा कि यह नया गुट आगे क्या रणनीति अपनाता है और क्या भाजपा या कांग्रेस के साथ गठजोड़ की संभावना बनती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button