Breaking NewsJalna

जालना पुलिस की बड़ी सफलता: 17.76 लाख रुपये की चोरी गई संपत्ति पुलिस अधीक्षक के हस्ते शिकायतकर्ता को वापस सुपुर्द

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर में हुई एक बड़ी चोरी की वारदात को पुलिस ने बेहद कम समय में सुलझाते हुए संपूर्ण चोरी गई संपत्ति शिकायतकर्ता को वापस सौंप दी है। पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बसंल के कार्यालय में बुधवार को शिकायतकर्ता नरेंद्र गुलाबशहा सावजी को 17,76,161 रुपये की बरामद मालमत्ता सुपुर्द की गई।

घटना 11 नवंबर 2025 की है। शिवशक्ति मिल के सामने स्थित घर में ताला लगाकर परिवार के साथ खरीदारी के लिए गए नरेंद्र सावजी जब रात 10 बजे लौटे, तो घर का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो बेडरूम में रखे स्टील के डिब्बे से बेटे की शादी के लिए रखी गईं 5 किलो वजन की चाँदी की 7 विटकर—जिनकी कीमत 8,34,161 रुपये थी—और 9,42,000 रुपये नकद, इस प्रकार कुल 17,76,161 रुपये की संपत्ति चोरी हो चुकी थी।

शिकायत मिलने पर कदीम जालना पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया। प्रकरण की जाँच पुलिस उप निरीक्षक डी.एस. मोरे को सौंपी गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल का पंचनामा, तकनीकी विश्लेषण, आसपास के CCTV फुटेज की जाँच और गोपनीय सूत्रों की जानकारी को आधार बनाकर त्वरित कार्रवाई शुरू की।

जाँच में सामने आया कि चोरी का अपराध जालना के माळीपुरा निवासी अविनाश अंकुश वाघमारे (24) और यशराज सतीष खांडेबराड (19) ने किया है। दोनों आरोपी 12 नवंबर की रात गांधीचमन क्षेत्र में जाल बिछाकर पकड़े गए। पूछताछ में अपराध स्वीकार करते हुए उन्होंने चोरी की चाँदी और नकद राशि अपने बैग में छिपाकर रखी थी। पुलिस ने पूरी मालमत्ता सुरक्षित बरामद कर ली।

आज यह संपत्ति पुलिस अधीक्षक अजय कुमार बसंल, अपर पुलिस अधीक्षक आयुष नोपानी और उपविभागीय पुलिस अधिकारी अनंत कुलकर्णी के मार्गदर्शन में, पुलिस निरीक्षक जे.बी. शेवाळे तथा जाँच अधिकारी डी.एस. मोरे की टीम द्वारा शिकायतकर्ता को सुपुर्द की गई। शिकायतकर्ता ने पूरी पुलिस टीम का आभार व्यक्त किया और कहा कि त्वरित कार्रवाई ने उनका विश्वास और भी मजबूत किया है।

पुलिस की इस तेज और प्रभावी कार्रवाई की पूरे शहर में सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button