नाशिक में सौतेली मां का घिनौना कृत्य – 13 वर्षीय बेटे के साथ अश्लील हरकत, POCSO के तहत मामला दर्ज

नाशिक/प्रतिनिधि
नाशिक शहर के उपनगर पुलिस थाना क्षेत्र से एक शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसने मां-बेटे के रिश्ते को कलंकित कर दिया। यहां एक महिला ने अपने सौतेले बेटे के साथ अश्लील कृत्य किया। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला ने यह हरकत उस वक्त की, जब उसका पति घर पर मौजूद नहीं था।घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित बच्चे की सगी मां ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी 34 वर्षीय महिला के खिलाफ POCSO कानून के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह घटना नाशिक के गायकवाड़ मळा इलाके में उजागर हुई है।पीड़ित बच्चे की मां की शिकायत के अनुसार, उसका 13 वर्षीय बेटा और 8 वर्षीय बेटी फिलहाल पति के पास रहते हैं। पति के साथ रहने वाली सौतेली मां समय-समय पर बच्चों को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करती थी। वह बच्चों को खाना नहीं देती थी, धूप में खड़ा रखती थी और अमानवीय व्यवहार करती थी।
इसी दौरान, उसने 13 वर्षीय सौतेले बेटे के साथ अश्लील बातें करना, उसका गुप्त रूप से वीडियो बनाना और घर में अकेला पाकर उससे अश्लील हरकत करने जैसा जघन्य कृत्य किया। इस पूरे घटनाक्रम से बच्चा बेहद डरा हुआ था। उसने अपनी सगी मां को सारी बात बताई।
बच्चे की बात सुनकर मां ने तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन पर संपर्क किया और ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। बाल कल्याण अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को सूचना दी। इसके बाद उपनगर पुलिस ने आरोपी महिला पर POCSO अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।
अभी पुलिस इस गंभीर मामले की जांच कर रही है। इस पूरी घटना ने स्थानीय लोगों को झकझोर दिया है, और सौतेली मां के इस घिनौने कृत्य पर क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।
