भोकरदन नगर परिषद प्रभागों में मतदाता संख्या असमान, आम आदमी पार्टी ने किया आक्षेप

भोकरदन/करीम लाला
भोकरदन नगर परिषद के प्रभागों में मतदाता संख्या के विभाजन को लेकर आम आदमी पार्टी ने आक्षेप दर्ज किया है। पार्टी का आरोप है कि मतदाता सूची का प्रभाग-वार विभाजन नियमों के अनुसार समान नहीं किया गया है।
आम आदमी पार्टी के जिला सचिव बोरसे गुरुजी ने बताया कि कुछ बड़े प्रभागों में 3,042 मतदाता हैं जबकि वहां से दो नगरसेवक चुने जाएंगे। वहीं, छोटे प्रभागों में केवल 945 मतदाताओं को दो नगरसेवक चुनने हैं। इसका मतलब है कि एक उम्मीदवार को बड़े प्रभाग में 1,521 मत और छोटे प्रभाग में मात्र 471 मतदाताओं के समर्थन की आवश्यकता होगी। इस असमानता से चुनाव प्रक्रिया में न्याय और समानता प्रभावित होने का खतरा है।
आक्षेप अर्ज में बताया गया कि भोकरदन नगर परिषद के कुल 20,915 मतदाताओं और 10 प्रभागों को ध्यान में रखते हुए हर प्रभाग में औसतन 2,092 मतदाता होने चाहिए। 10 प्रतिशत की सीमा को ध्यान में रखते हुए भी वर्तमान विभाजन नियमानुसार नहीं है।
प्रभागवार मतदाता संख्या इस प्रकार है:
- प्रभाग 1: 1,837
- प्रभाग 2: 2,311
- प्रभाग 3: 3,042
- प्रभाग 4: 2,320
- प्रभाग 5: 2,850
- प्रभाग 6: 2,643
- प्रभाग 7: 1,716
- प्रभाग 8: 2,036
- प्रभाग 9: 1,168
- प्रभाग 10: 942
आक्षेप अर्ज में कहा गया है कि प्रभागों के मतदाता संख्या में इतनी बड़ी असमानता से मतदाता प्रतिनिधित्व प्रभावित होता है और यह निर्वाचन आयोग, नगर परिषद BL0 और कुछ राजनीतिक हस्तियों के हस्तक्षेप से संभवत: किया गया है।
आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित करने से पहले इसे नियमों के अनुसार सही किया जाए। यदि आवश्यक सुधार नहीं किया गया, तो पार्टी न्यायालय का सहारा लेकर न्याय दिलाने का अधिकार सुरक्षित रखती है।
इस अवसर पर पार्टी के जिलाध्यक्ष महेजाद खान, उपाध्यक्ष भगवान पालकर, जिल्हा कार्यकारिणी सदस्य इब्राहिम कुरैशी, शहर सचिव विलास नाडे, अल्पसंख्यक अध्यक्ष नारायण सोनी और अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।
