लोणार नगर परिषद चुनाव में मतदाता सूची पर बवाल – उम्मीदवारों ने उठाए पारदर्शिता पर सवाल, अधिकारी पर कार्रवाई की मांग

लोणार/फिरदोस खान पठान
लोणार: आगामी नगर परिषद चुनाव से पहले लोणार शहर में मतदाता सूची को लेकर जोरदार विवाद छिड़ गया है। स्थानीय नागरिकों और संभावित उम्मीदवारों ने आरोप लगाया है कि नगर परिषद चुनाव अधिकारी ए. आर. जाधव ने मतदाता सूची तैयार करते समय नियमों को ताक पर रखकर कुछ विशेष उम्मीदवारों को लाभ पहुंचाने की कोशिश की है।
शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है कि प्रारूप मतदाता सूची प्रभागवार (वार्डवार) तैयार करते समय जानबूझकर कुछ मतदाताओं के नाम बदले गए हैं। आरोप है कि कुछ ग्रामीण भागों के मतदाताओं को शहर के प्रभागों में शामिल किया गया है, जबकि कई शहरी मतदाताओं के नाम पूरी सूची से ही गायब हैं। इस मनमानी से नागरिकों में नाराजगी और अविश्वास का माहौल बन गया है।
पूर्व नगरसेवक शाम राऊत ने कहा कि “लोणार नगर परिषद की प्रारूप मतदाता सूची में भारी गड़बड़ी की गई है। कई लोगों के नाम गलत प्रभागों में स्थानांतरित किए गए हैं। इससे मतदान के दिन लोगों को वोट डालने में कठिनाई होगी। प्रशासन ने आक्षेप और हरकत दर्ज कराने की कोई जनजागृती मोहीम नहीं चलाई, जिससे कई नागरिकों को तारीख निकलने के बाद ही इसका पता चला।”
लोणार शहर में अधिकांश आबादी किसान और मजदूर वर्ग की है। इस समय कृषि कार्यों में व्यस्त होने के कारण अनेक लोगों को मतदाता सूची की जानकारी तक नहीं मिली। नागरिकों ने मांग की है कि प्रत्येक प्रभाग में घर-घर जाकर मतदाता सूची की पुनर्पडताल की जाए और जिन नामों में त्रुटि है, उन्हें तुरंत सुधारा जाए ताकि कोई भी नागरिक मतदान से वंचित न रह जाए।
सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी मतदाता सूची प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता की मांग की है। उनका कहना है कि यदि प्रशासन ने इस गंभीर मुद्दे पर तुरंत ध्यान नहीं दिया, तो आने वाले नगर परिषद चुनाव में बड़ा विवाद खड़ा हो सकता है।
नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे नगरपालिका कार्यालय में जाकर या ऑनलाइन माध्यम से अपनी मतदाता जानकारी की जांच अवश्य करें।
