AurangabadBreaking NewsCrime News

औरंगाबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 77 लाख रुपये का नशे का सामान जब्त, मध्य प्रदेश और गुजरात के दो सप्लायर गिरफ्तार

औरंगाबाद/प्रतिनिधि

शहर को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत पुलिस आयुक्त प्रविण पवार के मार्गदर्शन में पुलिस की लगातार कार्रवाई जारी है। इसी क्रम में अपराध शाखा की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए राज्य के बाहर से संचालित नशे के गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई में कोडीन सिरप की 18,360 बोतलें, होंडाई कार, मोबाइल हैंडसेट समेत कुल 77 लाख 44 हजार रुपये का माल जब्त किया गया है।

पुलिस आयुक्त प्रविण पवार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह कार्रवाई शहर में नशे का जाल फैलाने वाले गिरोह के खिलाफ की गई है।

पहले भी की गई थी कार्रवाई

12 सितंबर 2025 को वाळूज पुलिस स्टेशन क्षेत्र में छापा मारकर राइट्स कंपनी के कोडीन युक्त दवाओं की 2,504 बोतलें और अन्य सामान समेत कुल 12 लाख 43 हजार रुपये का माल जब्त किया गया था। इस प्रकरण में संगठित नेटवर्क से जुड़े 41 आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था।

ताजा कार्रवाई में चार राज्यों का कनेक्शन

गुन्हे शाखा को मिली जानकारी के आधार पर 9 अक्टूबर 2025 को पुलिस ने कल्पेश चंदुलाल अग्रवाल (38, निवासी धुले), सय्यद नबी सय्यद लाल (37, निवासी जोगेश्वरी, वाळूज, औरंगाबाद) और ज्ञानेश्वर मनोहर यादव उर्फ माऊली (निवासी जयभवानी नगर, औरंगाबाद) के खिलाफ बेगमपुरा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया।

जांच में खुलासा हुआ कि कल्पेश अग्रवाल को मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी दुर्गेश सिताराम रावत (54) और गुजरात के अहमदाबाद निवासी धर्मेंद्र उर्फ गोपाल खेमचंद प्रजापति (32) कोडीन सिरप की खेप उपलब्ध कराते थे।

पुलिस आयुक्त प्रविण पवार के आदेश पर अपराध शाखा की तीन टीमें धुले, इंदौर (मध्य प्रदेश) और अहमदाबाद (गुजरात) भेजी गईं। वहां से पुलिस ने 18,360 कोडीन सिरप की बोतलें जब्त कीं। इसके बाद दुर्गेश रावत और धर्मेंद्र प्रजापति को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहाँ दोनों आरोपियों को 21 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड में भेजा गया है।

वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त प्रविण पवार, पुलिस उपायुक्त (अपराध) रत्नाकर नवले तथा सहायक पुलिस आयुक्त संपत शिंदे के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई में पुलिस निरीक्षक संभाजी पवार, सहायक पुलिस निरीक्षक रविकांत गच्चे, ज्ञानेश्वर अवघड, संजय बहुरे, विनायक शेळके, संदीप काळे, अर्जुन कदम, दिलीप मोदी, प्रकाश गायकवाड़, अश्रफ सय्यद, अमोल शिंदे, नवाब शेख और सागर पांढरे आदि अधिकारी शामिल थे।

पुलिस ने कहा कि शहर में नशे के व्यापार पर पूरी तरह से लगाम लगाने के लिए आगे भी ऐसी सख्त कार्रवाइयाँ जारी रहेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button