Breaking NewsBuldhanaSports–Education–Health

जालना में आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए महानगरपालिका ने शुरू की विशेष नसबंदी और टीकाकरण मुहिम

जालना/कादरी हुसैन

शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण लाने के उद्देश्य से जालना महानगरपालिका ने एक संगठित और प्रभावी अभियान शुरू किया है। इस मुहिम के तहत “साई एजेंसीज, जाता” के माध्यम से आवारा कुत्तों की नसबंदी (Sterilization) और टीकाकरण (Vaccination) की प्रक्रिया तेजी से की जा रही है।

महानगरपालिका के निर्देशों के अनुसार, साई एजेंसीज की टीम द्वारा शहर के विभिन्न इलाकों से आवारा कुत्तों को पकड़कर अग्निशमन कार्यालय परिसर में बनाए गए अस्थायी “डॉग हाउस” में रखा जा रहा है। यहां पशु चिकित्सकों की निगरानी में कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण किया जाता है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद, संबंधित कुत्तों को वापस उसी स्थान पर छोड़ दिया जाता है, जहां से उन्हें पकड़ा गया था — ताकि पर्यावरणीय संतुलन बना रहे।

महानगरपालिका प्रशासन के अनुसार, अब तक कुल 218 आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। आगामी दिनों में यह अभियान और अधिक तीव्र गति से चलाया जाएगा ताकि शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।

इस मुहिम से नागरिकों को आवारा कुत्तों के आतंक और सड़क दुर्घटनाओं से राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही, प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यदि किसी क्षेत्र में आवारा कुत्ते दिखाई दें, तो संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें —

📞 श्री कैलास बांदणे, प्रभारी – शहर स्वच्छता विभाग : 9923195667
📞 श्री गणेश सोलुंके, प्रतिनिधि – साई एजेंसीज : 8607117777

महानगरपालिका का यह कदम शहर में जनसुरक्षा और स्वच्छता दोनों की दिशा में एक सराहनीय पहल माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button