Breaking NewsJalna

पार्टी की असली ताकत कार्यकर्ता हैं — कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाळ का भावुक संबोधन

भोकरदन/करीम लाला 

“दीपावली स्नेह मिलन सिर्फ आनंद का अवसर नहीं, बल्कि पार्टी की एकता, प्रतिबद्धता और सहयोग का पर्व है। पार्टी की असली ताकत आप और हम — यानी कार्यकर्ता हैं। इन्हीं कार्यकर्ताओं की बदौलत कांग्रेस पार्टी आज भी मज़बूती से खड़ी है, क्योंकि कांग्रेस कोई सिर्फ राजनीतिक दल नहीं बल्कि एक विचार है — और विचार कभी समाप्त नहीं होता।”
यह भावुक शब्द महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व विधायक हर्षवर्धन सपकाळ ने भोकरदन व जाफराबाद तालुका कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में कहे।

सभा में कार्यकर्ताओं का उत्साह और उपस्थिति उल्लेखनीय रही। कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस सांसद डा. कल्याणराव काळे ने अपने भाषण के दौरान पूछा —
“सपकाळ साहब का भोकरदन और जाफराबाद तालुकों से इतना लगाव क्यों है?”

इस पर सपकाळ ने मुस्कुराते हुए कहा,
“मुझे इस बात का गर्व है कि मैं मूल रूप से भोकरदन तालुका के जलगांव सपकाळ गांव का निवासी हूं। मेरे पूर्वज बुलढाणा जिले के ओमाळा में बस गए थे, और जाफराबाद की पूर्व नगराध्यक्ष सुरेखा लहाने का मायका भी बुलढाणा जिले का है। इसलिए मेरा इन दोनों तालुकों से आत्मीय रिश्ता है — ये मेरे परिवार का हिस्सा हैं।”

इस मौके पर जिलाध्यक्ष राजाभाऊ देशमुख ने अपने स्वागत भाषण में कहा कि,
“भोकरदन शहर के कुछ क्षेत्रों में स्थानीय भाजपा विधायक सत्ता का दुरुपयोग कर अपने स्वार्थ में सड़कों के निर्माण कार्य करवा रहे हैं, लेकिन भोकरदन की जनता आगामी नगर परिषद और जिला परिषद चुनावों में उन्हें इसका जवाब जरूर देगी।”

कार्यक्रम में खा. डॉ. कल्याणराव काळे, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र राख, प्रदेश महासचिव रविंद्र काळे, शिवसेना उपजिल्हा प्रमुख रमेश पा. गव्हाड, राष्ट्रवादी कांग्रेस तालुका अध्यक्ष रमेश शेठ सपकाळ, महिला जिल्हाध्यक्षा सुरेखा लहाने, अब्दुल रशीद पहलवान, संजय मुथा, अनवर बापू, बदर चाउस, रिज़वान सौदागर, आतीक खान, अजय बनकर समेत अनेक गणमान्य नेता और नागरिक उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन राहुल देशमुख ने किया।
दीपावली स्नेह मिलन समारोह में दोनों तालुकों के पूर्व और वर्तमान पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button