Breaking NewsMumbaiPolitics

तीन आलीशान फ्लैट होने के बावजूद सरकारी बंगले में रह रहे धनंजय मुंडे, पूर्व पत्नी का बड़ा आरोप

मुंबई: खराब स्वास्थ्य और मुंबई में घर नहीं होने का बहाना बनाकर पूर्व मंत्री धनंजय मुंडे पिछले चार महीनों से दक्षिण मुंबई के पॉश मालाबार हिल स्थित सरकारी ‘सतपुड़ा’ बंगले में रह रहे हैं। यह मामला अब राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर गरमा गया है।

पूर्व पत्नी करुणा शर्मा ने धनंजय को झूठा करार देते हुए दावा किया है कि उनके पास मुंबई में ही तीन आलीशान फ्लैट हैं — एक मालाबार हिल, दूसरा पवई और तीसरा सांताक्रूज में। करुणा ने तंज कसते हुए कहा, “अगर आपके पास सचमुच घर नहीं है, तो सांताक्रूज वाले घर में आ जाइए, हम पति-पत्नी की तरह रहेंगे, वरना मैं किराए पर चली जाऊंगी।” उन्होंने यह भी कहा कि धनंजय को अब मंत्री बनने का सपना छोड़ देना चाहिए।

सामाजिक कार्यकर्ता अंजली दमानिया ने भी मोर्चा खोलते हुए 2024 के चुनावी हलफनामे का हवाला दिया, जिसमें मुंडे का नाम ‘वीर भवन’ इमारत के फ्लैट नंबर 902 के मालिक के रूप में दर्ज है। यह 2,151 वर्ग फुट का चार बेडरूम वाला फ्लैट है। दमानिया ने आरोप लगाया कि मंत्री न होते हुए भी सरकारी बंगले पर कब्जा करना कानून का उल्लंघन है। उन्होंने 48 घंटे के भीतर मुंडे को ‘सतपुड़ा’ खाली कराने और ₹46 लाख का जुर्माना वसूलने की मांग की, साथ ही अदालत जाने की चेतावनी दी।

धनंजय मुंडे, बीड जिले के मस्साजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख की हत्या मामले में नाम आने के बाद मंत्री पद से इस्तीफा दे चुके हैं। बावजूद इसके, सरकारी आवास छोड़ने से इनकार ने उनके खिलाफ विवाद को और भड़का दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button