Breaking NewsJalnaSports–Education–Health

MAHATET 2025 परीक्षा की तैयारी को लेकर समीक्षा बैठक सम्पन्न — जिलाधिकारी आशिमा मित्तल ने दिए सख्त निर्देश

जालना/कादरी हुसैन

महाराष्ट्र राज्य परीक्षा परिषद, पुणे द्वारा आयोजित महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (MAHATET 2025) आगामी 23 नवंबर 2025 (रविवार) को राज्यभर में आयोजित की जाएगी। इसी के संदर्भ में परीक्षा की तैयारी और व्यवस्थाओं की समीक्षा हेतु आज 7 नवंबर 2025 को जिलाधिकारी आशिमा मित्तल की अध्यक्षता में एक महत्त्वपूर्ण बैठक जिलाधिकारी कार्यालय में संपन्न हुई।

बैठक में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पी. एम. मिन्नु, प्राथमिक शिक्षणाधिकारी श्रीमती संगीता भागवत, माध्यमिक शिक्षणाधिकारी बालासाहेब खरात, योजना शिक्षणाधिकारी श्रीमती लता सानप, जिला शिक्षण व प्रशिक्षण संस्था (DIET) जालना के वरिष्ठ अधिव्याख्याता डॉ. प्रकाश मांटे सहित उपशिक्षणाधिकारी गिरीश पुजारी, सुभाष भालेराव, विनया वडजे, रवींद्र जोशी, पी. एस. रायमल, अर्जुन पवार और संगीता गिमेकर उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी परीक्षा केंद्रों पर CCTV कैमरे पूर्णतः कार्यरत रहें, परीक्षा के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता या अनुचित घटना न हो, इसके लिए परीक्षार्थियों की सघन जांच की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पीने के पानी, शौचालय, और बैठने की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

जालना जिले से पेपर 1 के लिए 3835 तथा पेपर 2 के लिए 4508 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। इस हेतु 15 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। उच्च न्यायालय के निर्देशानुसार सभी शिक्षकों के लिए TET परीक्षा अनिवार्य होने से इस वर्ष कई कार्यरत शिक्षक भी परीक्षा में सम्मिलित होंगे।

जोनल अधिकारी, सहायक परीक्षक और केंद्र संचालकों की नियुक्तियाँ पूरी कर ली गई हैं। साथ ही, प्राथमिक शिक्षण विभाग, जिला परिषद जालना में जिला नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई है, जो 22 से 24 नवंबर 2025 तक सक्रिय रहेगा और परीक्षार्थियों की समस्याओं का समाधान करेगा।

इसके अतिरिक्त, परीक्षा के दौरान निरीक्षण दल सभी परीक्षा केंद्रों का दौरा करेंगे ताकि परीक्षा प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और सुचारू रूप से सम्पन्न हो सके।

यह समीक्षा बैठक प्रशासन की गंभीरता और परीक्षा की निष्पक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button