जिलाधिकारी एवं महानगरपालिका प्रभारी आयुक्त आशिमा मित्तल ने किया मोतीबाग चौपाटी का स्थल निरीक्षण — अतिक्रमण हटाने और स्वच्छता व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा

जालना/कादरी हुसैन
जालना महानगरपालिका की आयुक्त एवं जिलाधिकारी सुश्री आशिमा मित्तल ने रविवार, दिनांक 09 नवंबर 2025 को मोतीबाग चौपाटी परिसर का दौरा कर दो दिन पूर्व दिए गए निर्देशों की अमलवारी का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अतिक्रमण हटाने, रेहड़ी–फेरी वालों को सुव्यवस्थित ढंग से स्थान आवंटित करने, तथा चौपाटी परिसर की स्वच्छता और सौंदर्यवृद्धि की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।

इस अवसर पर बांधकाम विभाग के अभियंता सय्यद साउद, स्वच्छता प्रमुख कैलास चांदणे, अतिक्रमण विभाग प्रमुख शामसन कसबे, स्वच्छता निरीक्षक शोहेब खान नवाब खान, तथा सुपरवाइज़र किरण प्रधान, लोखंडे और भाऊसाहेब सोनवणे सहित सफाई कर्मचारियों और महिला मज़दूरों की टीम उपस्थित रही।
दो दिन पूर्व जिलाधिकारी एवं आयुक्त आशिमा मित्तल ने मोतीबाग चौपाटी क्षेत्र में बढ़ते अतिक्रमणों को हटाने, रेहड़ी–फेरी वालों को नियोजित रूप से स्थान माप कर देने तथा पूरे परिसर को साफ-सुथरा और आकर्षक बनाने के स्पष्ट निर्देश दिए थे। आज उन्होंने उन्हीं आदेशों के पालन की स्थिति का स्थल पर जाकर आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान बांधकाम अभियंता सय्यद साउद ने चौपाटी परिसर के सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं में सुधार हेतु चल रहे कार्यों की जानकारी दी। इस पर आयुक्त आशिमा मित्तल ने कहा कि —
“मोतीबाग चौपाटी शहर की पहचान है, इसलिए यहां स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्य का उच्चतम स्तर बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि चौपाटी परिसर को नागरिकों के लिए और भी आकर्षक, सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाया जाए तथा सभी अतिक्रमण स्थायी रूप से हटाए जाएं।
यह कार्रवाई मा. अतिरिक्त आयुक्त, उपायुक्त तथा सहाय्यक आयुक्त के मार्गदर्शन में और स्वच्छता प्रमुख कैलास चांदणे के समन्वय से जारी है। अतिक्रमण विभाग प्रमुख शामसन कसबे और स्वच्छता निरीक्षक शोहेब खान नवाब खान अपनी टीमों के साथ लगातार चौपाटी क्षेत्र में अभियान चला रहे हैं।
महानगरपालिका प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे शहर की सुंदरता और स्वच्छता बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें और किसी भी प्रकार के अतिक्रमण या अव्यवस्था से बचें।
