Breaking NewsJalna

अजिंठा पर्वतरांग में प्रेमी युगल ने लगाया फांसी का फंदा, सुबह जंगल में लटकते मिले दोनों के शव — जालना जिले में मचा हड़कंप

भोकरदन/प्रतिनिधि

जालना जिले को झकझोर देने वाली एक दर्दनाक घटना आज सुबह सामने आई, जब एक प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह मामला भोकरदन तालुका के वालसावंगी गांव का है। जानकारी के अनुसार, गणेश वाघ (उम्र 28) और जयाबाई पांडुरंग गवली (उम्र 40) के बीच पिछले कुछ समय से प्रेम संबंध थे। इस संबंध की चर्चा पूरे गांव और उनके परिजनों में फैल चुकी थी, जिससे दोनों परिवारों के बीच लगातार विवाद चल रहा था।

पारिवारिक तनाव और सामाजिक दबाव से परेशान होकर दोनों ने अपनी जान देने का फैसला किया। बीती रात करीब 3 से 4 बजे के बीच दोनों मोटरसाइकिल से भोकरदन तालुका में स्थित अजिंठा पर्वतरांग के कालिंका देवी मंदिर के पास के जंगल में पहुंचे। वहां दोनों ने कुछ समय साथ बिताने के बाद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

बताया जाता है कि मृतक गणेश वाघ ने आत्महत्या से पहले अपने कुछ दोस्तों को फोन कर इसकी जानकारी दी थी। दोस्तों ने तुरंत पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर जब मौके पर पहुंचकर जांच की तो दोनों प्रेमी-प्रेमिका पेड़ से लटके हुए मिले।

पुलिस ने मौके पर पंचनामा किया और दोनों शवों को धावडा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भेजा, जहां मौजूद डॉक्टर ताठे मैडम ने दोनों को मृत घोषित किया। इस घटना के बाद पारध पुलिस थाने में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।

घटनास्थल पर पारध पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक संतोष माने और उपनिरीक्षक वाल्मीक नेमाने ने पहुंचकर जांच की। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है। इस दिल दहला देने वाली घटना से पूरे जालना जिले में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button