जिल्हाधिकारी आशिमा मित्तल ने आईसीटी महाविद्यालय में युवाओं को दिया नवाचार और जिम्मेदारी का संदेश

जालना/कादरी हुसैन
जालना की जिल्हाधिकारी आशिमा मित्तल ने आज आईसीटी महाविद्यालय का दौरा कर विद्यार्थियों से सीधे संवाद का सिलसिला शुरू किया। महाविद्यालय में चल रहे शैक्षणिक उपक्रमों, शोध गतिविधियों और तकनीकी प्रकल्पों की विस्तृत जानकारी लेते हुए उन्होंने विद्यार्थियों की करियर आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को समझा। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं से जालना जिले के विकास में सक्रिय योगदान देने की अपील की।
जिल्हाधिकारी मित्तल ने विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवाओं में उपलब्ध करियर अवसरों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी, ग्रामीण विकास की दिशा, डिजिटल गवर्नेंस, पर्यावरण संरक्षण, जलसंधारण और महिला सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि आज का युवा तकनीक का सकारात्मक उपयोग करते हुए बड़े बदलाव ला सकता है और प्रशासन हमेशा उनके साथ खड़ा है। उन्होंने विद्यार्थियों को सामाजिक जिम्मेदारी निभाने तथा समाजकार्य में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश भी दिया।
दौरे के दौरान जिल्हाधिकारी ने आईसीटी की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। रसायन तंत्रज्ञान विभाग की आधुनिक लैब—जिनमें XRD, S, ITC, Chemical Engineering, Petro, Pharma, Food Technology और Instrumentation जैसी सुविधाएँ शामिल हैं—का निरीक्षण करते हुए उन्होंने उपलब्ध उन्नत उपकरणों की सराहना की। उन्होंने सुझाव दिया कि इन संसाधनों का उपयोग कर विद्यार्थी पानी की गुणवत्ता, ईंधन विश्लेषण और पर्यावरणीय चुनौतियों जैसे विषयों पर नवाचारी प्रकल्प तैयार करें, जो आने वाले समय में जिले के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं।
जिल्हाधिकारी आशिमा मित्तल का यह दौरा न केवल विद्यार्थियों के उत्साह को बढ़ाने वाला रहा, बल्कि जिले में शोध, नवाचार और सामाजिक सहभागिता को प्रोत्साहित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
