जालना CTMK स्कूल में 13 वर्षीय छात्रा की आत्महत्या, परिजनों ने शिक्षकों पर लगाया मानसिक उत्पीड़न का आरोप

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर के प्रतिष्ठित CTMK स्कूल में आज एक अत्यंत दुखद घटना घटी, जिसमें 13 वर्षीय छात्रा आरोही दीपक बिटलान ने स्कूल की छत से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
घटना के तुरंत बाद स्कूल में कोहराम मच गया और इसकी जानकारी मिलते ही सदर बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पंचनामा कर जिला सामान्य अस्पताल भेजा।
परिजनों ने स्कूल प्रशासन और कुछ शिक्षकों पर लगातार मानसिक उत्पीड़न और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके कारण उनकी बेटी ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और स्कूल प्रशासन तथा संबंधित शिक्षकों से भी पूछताछ की जा रही है।
इस दर्दनाक घटना ने पूरे शहर में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
