प्रेमनगर की छह मंजिला इमारत में लगी भीषण आग, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत

कानपुर के चमनगंज थाना क्षेत्र के घनी आबादी वाले प्रेमनगर इलाके में रविवार रात उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक छह मंजिला इमारत के भूतल में स्थित जूता कारखाने में भीषण आग लग गई। हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ, जब शॉर्ट सर्किट की वजह से आग भड़क उठी। देखते ही देखते इमारत आग की लपटों से घिर गई।
सूचना मिलते ही दमकल की 35 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रात भर चले इस अभियान में आग पर काबू पाने और फंसे लोगों को निकालने की कोशिशें की गईं। सोमवार तड़के करीब तीन बजे दमकलकर्मियों ने इमारत से छह जले हुए शव बरामद किए। मृतकों में इमारत के मालिक जूता कारोबारी दानिश, उनकी पत्नी नाजनीन, तीन बेटियां और एक ट्यूशन टीचर शामिल हैं।
दानिश की इमारत में भूतल पर जूते बनाने का कारखाना और गोदाम स्थित था। बाकी मंजिलों पर परिवार रहता था। रविवार को कारखाना बंद था, लेकिन शॉर्ट सर्किट से लगी आग ने पूरी इमारत को चपेट में ले लिया। तेज लपटें और धुआं देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा के नेतृत्व में दमकलकर्मियों ने राहत-बचाव कार्य शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए दो सौ मीटर के दायरे को सील किया गया और आसपास की इमारतों को खाली कराया गया। एसडीआरएफ और भारी पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
घटनास्थल पर पहुंचकर एडीएम राजेश सिंह ने हालात का जायजा लिया। आग लगने से इमारत में दरारें आ गईं हैं और संरचना असुरक्षित हो गई है। मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। घटना की जांच की जा रही है।
यह घटना कानपुर में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की पोल खोलती है और शहरी क्षेत्रों में औद्योगिक गतिविधियों के बीच रहन-सहन की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती है।
