Breaking NewsJalna

मनपा मुर्गी तालाब व सदर बाजार विद्यालय में संविधान दिवस उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति के साथ मनाया गया

जालना/कादरी हुसैन

जालना शहर के मनपा प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालय मुर्गी तालाब तथा सदर बाजार विद्यालय में 26 नवंबर को संविधान दिवस अत्यंत गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया। दोनों विद्यालयों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों में संविधान के प्रति जागरूकता, राष्ट्रीय एकता और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति गहरा संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की मुख्याध्यापिका एवं जिला प्रशिक्षण आयुक्त अख्तर जहां कुरैशी ने की, जबकि जिला संघटक स्काउट-गाइड मिलिंद तायडे और सोनिया शिरसाठ विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत में मान्यवरों द्वारा भारतीय संविधान के निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान समिति के सदस्यों को पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद उपस्थित सभी शिक्षक, अतिथि और विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया, जिससे परिसर में संविधान-प्रेरित संकल्प और अनुशासन का वातावरण और भी सशक्त हुआ।

अतिथियों ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को संविधान में निहित मूल भावना, नागरिकों के मौलिक अधिकार, कर्तव्य और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा कि आधुनिक भारत की मजबूती संविधान के आदर्शों को समझने और उन्हें जीवन में आत्मसात करने से ही संभव है। अतिथियों ने बच्चों को जागरूक, जिम्मेदार और कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने का आव्हान भी किया।

विद्यालय के विद्यार्थियों ने संविधान दिवस पर भाषण, देशभक्ति गीत, वेशभूषा प्रदर्शन और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। इसी अवसर पर संविधान आधारित प्रश्नमंच (क्विज़) प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी ज्ञान-प्रवीणता का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्याध्यापक अनीस अंसारी, रुखसाना बेगम, विमल आडेकर, अ. वहीद जावेद, रजिया बेगम, सुनीता क्षत्रिय, रेखा गायकवाड़, नीलिमा सातोनकर, वर्षा माने, मनोहर झिने तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन ज्योति वाघ ने किया और आभार प्रदर्शन शिरीन समीना ने व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button