जालना में श्रमदान अभियान का शुभारंभ, वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कई क्षेत्रों में सफाई कार्य संपन्न

जालना/कादरी हुसैन
जालना शहर में 28 नवंबर 2025 की सुबह 7 से 9 बजे के बीच नगर विकास, स्वच्छता और जनसहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से व्यापक श्रमदान अभियान सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। यह अभियान जिल्हाधिकारी एवं महानगरपालिका आयुक्त आशिमा मित्तल के मार्गदर्शन और निर्देशानुसार आयोजित हुआ।

अभियान में अतिरिक्त आयुक्त अर्जुन गिराम, उपायुक्त नंदा गायकवाड़, नगररचना अभियंता, उप आयुक्त, सहायक अपर्णा जाधव, स्वच्छता निरीक्षक, सभी मुकरदम, अभियंता सय्यद सऊद, पानीपुरवठा अभियंता बगळे, स्वच्छता प्रमुख कैलास चांदणे तथा अतिक्रमण निर्मूलन पथक प्रमुख सॅमसंग कसबे सहित मनपा के विभिन्न विभागों के अधिकारी–कर्मचारी सक्रिय रूप से मौजूद रहे।
श्रमदान के दौरान शहर के कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर सफाई कार्य किया गया। प्रमुख स्थानों में शनि मंदिर परिसर, चमन आनंदराव स्वामी गली, स्कूल परिसर, माळीपुरा, विठ्ठल–रुक्माई मंदिर परिसर, माळीपुरा–भोईपुरा, तथा जुना जालना (जून-2, जून-3, जून-4) के कई हिस्से शामिल थे। यहां कचरा संग्रह, सड़क सफाई, नालों की सफाई और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ करने का कार्य किया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ माहौल प्रदान करना है। मनपा प्रशासन ने शहरवासियों से अपील की है कि वे भी नियमित रूप से स्वच्छता के प्रति सजग रहें और ऐसे अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि जालना को स्वच्छ और विकसित शहर बनाने के प्रयासों को गति मिल सके।
