अंबड नगर परिषद चुनाव: तीन प्रभागों में तनाव, पुलिस बल तैनात — कई स्थानों पर मतदान आधे घंटे बाधित

जालना/अंबड ; कादरी हुसैन
अंबड नगर परिषद चुनाव के अंतिम चरण में रविवार, 02 दिसंबर 2025 को मतदान के दौरान हालात कई बार तनावपूर्ण हो गए। प्रभाग 7, 9 और 2 के तीन प्रमुख मतदान केंद्रों पर हुए गोंधल के चलते पुलिस को बल का प्रयोग करना पड़ा। दिनभर मतदान तेज गति से चलता रहा, लेकिन विवादों ने चुनावी माहौल को प्रभावित किया।
सुबह ठंड के बीच मतदान शांतिपूर्वक शुरू हुआ, पर दोपहर तक स्थिति बिगड़ने लगी।
प्रभाग 7 में उपविभागीय अधिकारी कार्यालय स्थित मतदान केंद्र पर कांग्रेस और राकांपा कार्यकर्ताओं के बीच मतदाताओं पर दबाव डालने के आरोप को लेकर विवाद भड़क उठा। कांग्रेस उम्मीदवार जाकीर डावरगांवकर और भाजपा उम्मीदवार शेख फ़िरोज़ के समर्थकों में तीखी झड़प हुई, जिससे करीब आधे घंटे तक मतदान बंद जैसा माहौल रहा। अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुँचने के बाद व्यवस्था बहाल की गई।
प्रभाग 9 में दोपहर 3 बजे मत्स्योदरी इंग्लिश स्कूल स्थित मतदान केंद्र पर नया विवाद खड़ा हो गया। राष्ट्रवादी शरद पवार गुट के कार्यकर्ताओं पर मतदाताओं को प्रभावित करने का आरोप लगा, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर संबंधित कार्यकर्ताओं को मतदान केंद्र से बाहर निकाला। इस कार्रवाई के दौरान उम्मीदवार संदीप खरात और पुलिस के बीच तीखी कहासुनी हुई।
प्रभाग 2 में भी तनाव देखने को मिला। यहां राष्ट्रवादी शरदचंद्र पवार गुट की नगराध्यक्ष पद की उम्मीदवार के पति शिवप्रसाद चांगले और पुलिस अधिकारियों के बीच बहस हुई। आरोप था कि कुछ कार्यकर्ता मतदाताओं पर दबाव बनाने की कोशिश कर रहे थे, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें बाहर हटाया।
दिनभर तनावपूर्ण शांति बनी रही। हालांकि तीनों घटनाओं में पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के अलावा अब तक किसी भी पक्ष पर कोई मामला दर्ज नहीं किया है।
अंबड में हुई इन झड़पों से साफ है कि त्रिकोणी मुकाबले के कारण चुनावी गर्मी मतदान केंद्रों तक पहुँच गई।
