जालना उप–निबंधक कार्यालय में बड़े भ्रष्टाचार का आरोप — सामाजिक कार्यकर्ता साद बीन मुबारक ने जिलाधिकारी को सौंपा विस्तृत शिकायत पत्र, अवैध रजिस्ट्री और रिश्वतखोरी के गंभीर साक्ष्य पेश

जालना / कादरी हुसैन
जालना के द्वितीय उप–निबंधक कार्यालय में लंबे समय से चल रहे कथित भ्रष्टाचार को उजागर करते हुए सामाजिक कार्यकर्ता साद बीन मुबारक ने 02 दिसंबर 2025 को जिलाधिकारी कार्यालय में एक विस्तृत शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में अवैध रजिस्ट्री, पैसों के लेनदेन और पद का दुरुपयोग जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
साद बीन मुबारक के अनुसार, उप–निबंधक कार्यालय में गुठेवारी रजिस्ट्री सरकार द्वारा प्रतिबंधित होने के बावजूद खुलेआम की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि 21 नवंबर 2025 को रजिस्ट्री क्रमांक 7564/2025 पूर्णतः गैरकानूनी तरीके से दर्ज की गई। इस रजिस्ट्री में सिर्फ ₹9,670/- की चलन राशि जमा दिखाई गई, जबकि वास्तविक लेन–देन में ₹40,000/- रिश्वत लिए जाने का आरोप उन्होंने अपने आवेदन में किया है।
रिकॉर्डिंग में ‘ले देकर हो जाएगी’ जैसे शब्द — भ्रष्टाचार के पुख्ता सबूत का दावा
शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी सौंपी है, जिसमें एक एजेंट “ले देकर काम हो जाएगा” और “साहब हाँ कहें तो रजिस्ट्री हो जाएगी” जैसे वाक्य कहता हुआ स्पष्ट सुना जा सकता है। साद बीन मुबारक के मुताबिक, एजेंट ने बातचीत में स्वीकार किया कि संबंधित रजिस्ट्री उप–निबंधक साहब ने ही की है।
स्थानीय पहचान और राजनीतिक संरक्षण का आरोप
साद बीन मुबारक ने अपनी शिकायत में यह भी उल्लेख किया कि संबंधित अधिकारी जालना के ही निवासी हैं, जिससे उन्हें स्थानीय स्तर पर प्रभाव और राजनीतिक संरक्षण मिलता है। इसी प्रभाव के कारण उन्हें बार-बार जालना में ही पदस्थापित कर दिया जाता है और वर्षों से चल रही शिकायतों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो पाती।
निलंबन, बर्खास्तगी और अवैध संपत्ति की जांच की मांग
शिकायत में जिलाधिकारी से मांग की गई है कि उपलब्ध दस्तावेजों, रिकॉर्डिंग और साक्ष्यों के आधार पर उप–निबंधक के विरुद्ध विस्तृत जांच की जाए। साथ ही, उनकी संपत्ति और पिछले लेन-देन की ऑडिट की जाए तथा दोषी पाए जाने पर तत्काल निलंबन और बर्खास्तगी की कार्रवाई की जाए।
इस गंभीर शिकायत के बाद जिले में उप–निबंधक कार्यालय के कार्यप्रणाली को लेकर चर्चा तेज हो गई है। अब पूरा शहर जिलाधिकारी कार्यालय की अगली कार्रवाई का इंतजार कर रहा है।
